बॉडी को हेल्दी बनाए रखने के लिए भरपूर मात्रा में पोषक तत्वों की जरूरत होती है। वहीं, प्रोटीन, कैल्शियम और भी कई तरह के पोषक तत्वों से भरपूर दूध को एक कंप्लीट मील माना जाता है। यही वजह है कि हेल्थ एक्सपर्ट्स बच्चों से लेकर बड़े और बूढ़ों तक, यानी हर उम्र के लोगों को दूध पीने की सलाह देते हैं। इस बात में कोई दोराय नहीं है दूध हमारी सेहत के लिए बेहद फायदेमंद है, लेकिन कुछ खास खाद्य पदार्थों के साथ इसका सेवन सेहत को कई तरह से नुकसान भी पहुंचा सकता है। इस लेख में हम आपको ऐसे ही कुछ खाद्य पदार्थों के बारे में बता रहे हैं।
केला
हमारे देश में अधिकतर लोग केले के साथ दूध या बनाना शेक पीना पसंद करते हैं। इसके सेहत पर कई फायदे भी बताए जाते हैं। हालांकि, कफ से पीड़ित लोगों को दूध के साथ केले का सेवन करने से बचना चाहिए। इसके अलावा आयुर्वेद के अनुसार, केले और दूध का साथ में सेवन करने से आपका डाइजेशन भी बिगड़ सकता है, साथ ही ये स्किन से जुड़ी कई तरह की परेशानियों जैसे रैशेज, एलर्जी का कारण भी बन सकता है।
गुड़
अधिकतर लोग दूध के साथ गुड़ लेना पसंद करते हैं। लोगों को इसका स्वाद भी काफी पसंद आता है। वहीं, गुड़ सेहत के लिए कई मायनों में बहुत फायदेमंद भी होता है, लेकिन इसके साथ दूध का सेवन पेट के अंदर जाकर बड़ी गड़बड़ी कर सकता है। दरअसर, गुड़ की तासीर गर्म होती है जबकि दूध का स्वभाव ठंडा होता है। ऐसे में इन दोनों चीजों का मिश्रण पेट खराब करने का कारण भी बन सकता है।
चटपटा खाना
अगर आप दूध के साथ मसालेदार भोजन, चटपटी नमकीन आदि का सेवन करते हैं, तो बता दें कि ये भी सेहत पर बेहद खराब असर डाल सकता है। इस तरह के कॉन्बिनेशन से एसिड रिफ्लक्स के साथ-साथ इनडाइजेशन का खतरा भी पैदा हो सकता है।
खट्टे फल
दूध और खट्टे फल जैसे संतरा, अंगूर आदि का सेवन भी एक साथ करने से ये आपको बीमार बना सकता है। इससे आपको उल्टी, दस्त, पेट दर्द आदि समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में दूध पीने के करीब 2 से 3 घंटे बीत जाने के बाद ही किसी तरह के खट्टे फल का सेवन करें।
मछली
दूध पीने की तरह ही मछली खाने के भी सेहत पर कई फायदे हैं, लेकिन मछली और दूध का सेवन साथ करने से ये सेहत पर जहर की तरह असर कर सकता है। इससे आपको पाचन से जुड़ी समस्याएं जैसे फूड पॉइजिनिंग, पेट दर्द आदि दिक्कतें हो सकती हैं। साथ ही ये स्किन से जुड़ी समस्याओं का कारण भी बन सकता है।
Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।