अंजीर यानी फिग्स (Figs) एक स्वादिष्ट और पोषक तत्वों से भरपूर फल है, जिसे ताजा और सूखा दोनों तरह से खाया जा सकता है। यह फल सेहत के लिए किसी अमृत से कम नहीं है। इसमें मौजूद फाइबर, एंटीऑक्सीडेंट, पोटैशियम, मैग्नीशियम और कैल्शियम जैसे जरूरी मिनरल्स मौजूद होते हैं जो पाचन तंत्र को मजबूत बनाते हैं और दिल को स्वस्थ रखते हैं। नियमित रूप से अंजीर का सेवन करने से कब्ज की समस्या दूर होती है, आंतों की गति नियंत्रित रहती है और पाचन तंत्र बेहतर तरीके से काम करता है। पाचन सुधारने के लिए अंजीर को कई तरीकों से अपनी डाइट में शामिल किया जा सकता है।

अगर आप पाचन की समस्या से परेशान हैं तो अपनी डाइट में रोजाना अंजीर शामिल करें। अंजीर का सेवन भिगोकर और सूखा दोनों तरह किया जा सकता है। अगर आपको पाचन से जुड़ी परेशानियां है तो आप अंजीर का सेवन इन 4 खास तरीकों से करें।

सुबह खाली पेट भिगोए हुए अंजीर खाएं

रातभर भिगोए गए अंजीर फाइबर से भरपूर होते हैं और पाचन को बेहतर बनाते हैं। यह आंतों को साफ करते हैं, कब्ज से राहत देते हैं और शरीर से टॉक्सिन्स निकालने में मदद करते हैं। 2–3 सूखे अंजीर को आधे गिलास गुनगुने पानी में रात भर भिगो दें। सुबह खाली पेट अंजीर और ये पानी दोनों का सेवन करें। यह पेट को हल्का रखता है और मेटाबॉलिज्म को तेज करता है।

रात में दूध के साथ खाएं अंजीर

गुनगुने दूध में अंजीर डालकर पीना पाचन और नींद दोनों के लिए फायदेमंद है। इसमें मौजूद फाइबर, कैल्शियम और मैग्नीशियम शरीर को रिलैक्स करते हैं और नींद में सुधार लाते हैं। एक कप दूध में 2–3 अंजीर डालकर 5 मिनट तक उबालें। सोने से आधा घंटा पहले इसे पीएं आपका पाचन दुरुस्त रहेगा।

सलाद में ताजे अंजीर का करें सेवन

ताजे अंजीर एंटीऑक्सीडेंट और फाइबर से भरपूर होते हैं जो ब्लड प्रेशर और कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल रखते हैं। अगर आप पाचन को दुरुस्त करने के लिए अंजीर का सेवन करना चाहते हैं तो आप कटे हुए ताजे अंजीर को सलाद में मिलाएं और उसका सेवन करें।  पालक, टमाटर, खीरा और सीड्स के साथ अंजीर मिक्स करें और उसके ऊपर नींबू का रस और ऑलिव ऑयल डालें और उसका सेवन करें।

अंजीर को ओट्स के साथ खाएं

ओट्स और अंजीर का कॉम्बिनेशन दिन की शुरुआत के लिए बढ़िया विकल्प  है। यह ब्लड शुगर को कंट्रोल रखता है और पेट को लंबे समय तक भरा रखता है। इन दोनों फूड्स को कॉम्बिनेशन करके खाने से पाचन दुरुस्त रहता है। ओट्स को दूध या पानी में पकाएं, फिर उसमें कटे हुए अंजीर मिलाएं। ऊपर से सूखे मेवे और दालचीनी छिड़कें और उसका सेवन करें। फाइबर और मिनरल्स से भरपूर अंजीर पाचन को दुरुस्त करेगी।

अंजीर के और भी है फायदे

हेल्थलाइन के मुताबिक अंजीर के फायदे सिर्फ पाचन के लिए ही फायदेमंद नहीं है बल्कि ये दिल की सेहत के लिए भी उपयोगी है। ये शरीर को अंदर से पोषण देते हैं इसलिए इन्हें बेहतरीन सुपरफूड माना जाता है।  इसमें मौजूद प्राकृतिक फाइबर पेट को भरा हुआ महसूस करता है और वजन को कंट्रोल करता है। अंजीर में पाए जाने वाले एंटीऑक्सीडेंट शरीर में मौजूद फ्री रेडिकल्स से लड़ते हैं, जिससे स्किन हेल्दी और जवान रहती है। अंजीर हड्डियों को मजबूत बनाने में भी असरदार साबित होती है। इसमें कैल्शियम, फॉस्फोरस और मैग्नीशियम प्रचुर मात्रा में होते हैं। ये मिनरल्स हड्डियों की घनत्व बढ़ाने और ऑस्टियोपोरोसिस जैसी समस्याओं से बचाने में मदद करते हैं।

इसमें मौजूद घुलनशील फाइबर शुगर को कंट्रोल करने में भी मदद करता है। ये इंसुलिन सेंसिटिविटी को बढ़ाता है, साथ ही शरीर से टॉक्सिन को बाहर निकालने में मदद करता है। ये एक ऐसा फल है जो लिवर और किडनी को हेल्दी रखता है। महिलाओं के लिए अंजीर विशेष रूप से फायदेमंद है, क्योंकि यह हार्मोनल संतुलन बनाए रखने में मदद करता है और पीरियड्स से जुड़ी अनियमितताओं को कम करता है।

हड्डियों को गला देती है ये बीमारी, हाथ-पैरों और दांतों पर भी दिखता है इसका असर, जानिए Osteoporosis की पहचान और बचाव। पूरी जानकारी के लिए लिंक पर क्लिक करें।