High Blood Pressure Remedies: खराब जीवन शैली के कारण होने वाले रोगों में ब्लड प्रेशर की परेशानी बेहद आम है। उच्च रक्तचाप के मरीजों में दिल का दौरा पड़ने का खतरा अधिक होता है। आंकड़ों के अनुसार भारत में करीब 33 फीसदी शहरी और 25 परसेंट ग्रामीण उच्च रक्तचाप से ग्रस्त हैं। बताया जाता है कि जब कोलेस्ट्रॉल ब्लड वेसल्स पर जमा हो जाता है तो इससे लुमेन संकुचित हो जाता है। इससे वॉल्स पर प्रेशर ज्यादा हो जाता है जो हानिकारक हो सकता है। एक्सपर्ट्स के अनुसार दवाओं के साथ ही कुछ हेल्दी फूड्स के सेवन से हार्ट हेल्दी रहता है।
बीपी के मरीजों के लिए अनार: स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि अनार में मौजूद तत्व हृदय को स्वस्थ रखने में मदद करता है। अनार में मौजूद विटामिन्स, मिनरल्स और एंटीऑक्सीडेंट ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करता है। अनार रक्तचाप के स्तर को काबू में रखने में मदद करता है। इसमें मौजूद एक प्रोटीन ब्लड वेसल्स के साइज को बेहतर करता है जिससे ब्लड फ्लो और प्रेशर ठीक रहता है। साथ ही, इसके सेवन से दिल संबंधी बीमारियों का खतरा भी कम होता है।
कंट्रोल में रहता है कोलेस्ट्रॉल: अनार में प्रचुर मात्रा में एंटी-ऑक्सीडेंट्स पाए जाते हैं जो बैड कोलेस्ट्रॉल यानी लो डेंसिटी लिपोप्रोटीन (एलडीएल) के स्तर को काबू में रखते हैं। बता दें कि इस कोलेस्ट्रॉल की मात्रा अगर शरीर में अधिक हो जाए तो हृदय रोग होने का खतरा भी बढ़ जाता है।
बेहतर होता है खून का संचार: फल या फिर जूस के रूप में अनार का सेवन करने से शरीर में ब्लड फ्लो सुचारू ढ़ंग से होता रहेगा। बता दें कि इसमें प्रचुर मात्रा में आयरन होता है जो हीमोग्लोबिन की मात्रा को बढ़ाता है। ऐसे में अनार हार्ट में ब्लड फ्लो को बेहतर करता है जिससे ऑक्सीजन की कमी नहीं होती है।
शुगर लेवल नियंत्रण: एंटी-ऑक्सीडेंट्स होने के कारण अनार के सेवन से शरीर फ्री रैडिकल्स से लड़ने में सक्षम हो जाता है। अनार इंसुलिन सेंसिटिविटी को बेहतर करता है, ऐसे में डायबिटीज रोगियों के लिए इसका सेवन लाभकारी होगा।
दूर होती हैं पेट संबंधी दिक्कतें: कब्ज या पेट संबंधी दूसरी दिक्कतों को दूर करने में अनार का सेवन कारगर होता है। यह आंत में प्रो-बायोटिक बैक्टीरिया को बढ़ाने में मदद करता है और गैस्ट्रो इंटेस्टिनल स्वास्थ्य को बनाए रखने के लिए महत्वपूर्ण है। अनार आंत की सूजन को कम करने में मददगार माना जाता है। इसमें बी-कॉम्प्लेक्स विटामिन मौजूद होते हैं जो शरीर में पाए जाने वाले फैट, कार्बोहाइड्रेट और प्रोटीन को ऊर्जा में तब्दील कर देता है।