गर्मी और बारिश के मौसम में ज्यादा प्यास लगती है। इस मौसम में उमस के चलते अधिक पसीना आता है, जिससे बॉडी में पानी की कमी होने लगती है। ऐसे में हम अधिक पानी पीते हैं। हालांकि, कई बार लोगों की शिकायत होती है कि बार-बार पानी पीने के बाद भी उनका मुंह सूखने लगता है या गला ड्राई हो जाता है। अगर आप भी इस तरह की समस्या का सामना कर रहे हैं या समय-समय पर आपको ये स्थिति परेशान करती है, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है। यहां हम आपको इसके पीछे कुछ संभावित कारणों के बारे में बता रहे हैं।
क्यों होता है ऐसा?
हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक, पानी पीने के बाद भी मुंह और गले के सूखने की पीछे कई कारण जिम्मेदार हो सकते हैं। इनमें से कुछ कारण आम हैं, तो कुछ बीमारियों के लक्षण भी हो सकते हैं। आइए समझते हैं इस बारे में विस्तार से-
कब आम होती है स्थिति?
डिहाइड्रेशन
एक्सपर्ट्स के मुताबिक, अगर मुंह सूखने के अलावा आपको मुंह में बदबू, लार कम बनना, कुछ भी निगलते समय तेज जलन या गले में दुखन जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, तो ये डिहाइड्रेशन के चलते हो सकता है।
जैसा कि ऊपर जिक्र किया गया है, गर्मी के मौसम में पसीना अधिक आता है, ऐसे में शरीर में पानी की कमी होना आम बात है। कई बार ऐसा लगता है कि हम ज्यादा पानी पी रहें हैं लेकिन वो शरीर की जरूरत के मुताबिक कम होता है। इस स्थिति में पानी के साथ-साथ पानी से भरपूर फलों और सब्जियों का सेवन भी करें।
ओरल हेल्थ और धूम्रपान
पानी पीने के बाद मुंह का सूखना, मुंह में छाले होना या कट जैसे नजर आना खराब ओरल हेल्थ के चलते हो सकता है। इसके अलावा अधिक धूम्रपान के कारण भी आपको ये समस्याएं परेशान कर सकती हैं।
अनहेल्दी डाइट
अगर आप अधिक ऑयली और मसालेदार खाना ज्यादा खाते हैं, तो इस स्थिति में भी आपको बार-बार प्यास लगने या पानी पीने के बाद भी मुंह सूखने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। इन सब से अलग अगर आप कोई दवाई खा रहे हैं, तो इसके चलते भी ड्राई माउथ की परेशानी बढ़ जाती है।
कब है परेशानी की बात?
आम कारणों से अलग बार-बार पानी पीने के बाद भी मुंह का सूखना कुछ बीमारियों का संकेत भी हो सकता है। खासकर डायबिटीज रोगियों के लिए ऐसा हो आम है।
डायबिटीज होने पर ब्लड शुगर लेवल बढ़ जाता है। वहीं, हाई शुगर लेवल व्हाइट ब्लड सेल्स को कमजोर करता है। इसके चलते ये मुंह में होने वाले बैक्टीरियल इंफेक्शन के खिलाफ शरीर को प्रोटेक्ट करने में नाकामयाब होने लगती हैं। यही वजह है अधिकतर डायबिटीज पेशेंट्स को ओरल प्रॉब्लम्स या बार-बार मुंह सूखने जैसी स्थिति का सामना करना पड़ता है।
ऐसे में अलग आपको लगातार ये स्थिति परेशान कर रही है, तो एक बार हेल्थ एक्सपर्ट्स से सलाह जरूर लें।
Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।
