Healthy Breakfast: आज के समय में स्वस्थ रहने के लिए हर व्यक्ति तमाम कोशिशें कर रहा है। सेहतमंद जीवन के लिए हेल्दी खानपान बेहद जरूरी होता है। सुबह खाली पेट सबसे पहला आहार क्या होना चाहिए इस बात को लेकर विशेषज्ञों के बीच काफी चर्चाएं होती हैं। पूरे दिन लोग ऊर्जावान बने रहें, इसके लिए नाश्ता बहुत जरूरी है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक नाश्ते में भरपूर पोषण युक्त खाद्य पदार्थों को शामिल करना चाहिए। हालांकि, कई बार नाश्ते में गलत फूड आइटम्स को खाने से पाचन संबंधी दिक्कतें व कई अन्य बीमारियां भी दस्तक देती हैं। ऐसे में ये जानना बेहद आवश्यक है कि नाश्ते में क्या खाना और क्या नहीं खाना चाहिए। आइए जानते हैं नाश्ते में किन चीजों के सेवन से परहेज करना चाहिए –

कॉफी: इंग्लैंड के एक जर्नल में छपी खबर के अनुसार खाली पेट कॉफी पीने से ब्लड शुगर के स्तर पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। इससे न केवल डायबिटीज बल्कि हृदय रोग का खतरा भी बढ़ता है। मुख्य शोधकर्ता ने कहा है कि आज के समय में कई लोग रात को ठीक से सोते नहीं है और सुबह फ्रेश फील करने के लिए सबसे पहले कॉफी का सेवन करते हैं। अक्सर जितना ज्यादा लोग थकान महसूस करते हैं, उतनी ही स्ट्रॉन्ग कॉफी पीना पसंद करते हैं जो कि सेहत की दृष्टि से घातक हो सकता है।

फ्रूट जूस: ताजे फलों का रस सेहत की दृष्टि से बेहद फायदेमंद होता है, लेकिन खाली पेट इनके सेवन को खतरनाक माना जाता है। बगैर कुछ खाए-पीये फ्रूट जूस के सेवन से पैन्क्रियाज पर अधिक भार पड़ता है। वहीं, फलों में फ्रुक्टोज नामक शुगर की मौजूदगी लिवर पर भी बुरा असर डालती है। इसके अलावा, विशेषज्ञों का मानना है कि फलों से रस निकालते वक्त इसमें पाया जाने वाला पोषण भी कम हो जाता है। फ्रूट जूस में फाइबर कम होता है, जिससे ब्लड में शुगर की मात्रा बढ़ जाती है। इसके कारण डायबिटीज और हाई कोलेस्ट्रॉल का खतरा बढ़ता है।

सलाद: दोपहर में सलाद खाना जितना फायदेमंद होता है, उतना ही नुकसानदायक होगा सुबह में इनका सेवन करना। सलाद में फाइबर होता है, जो पेट पर अधिक दबाव डालता है। ऐसे में पेट में दर्द, गैस, एसिडिटी व अपच की शिकायत हो सकती है।

दही: दही में लैक्टिक एसिड पाया जाता है। खाली पेट इसके सेवन से पेट में हाइड्रोक्लोरिक एसिड बनता है जो एसिडिटी का कारण बन सकता है।