डायबिटीज के मरीज ब्लड शुगर को कंट्रोल करने के लिए डाइट का ध्यान रखें तो आसानी से शुगर को कंट्रोल किया जा सकता है। डायबिटीज के मरीज अक्सर फलों का सेवन करने को लेकर दुविधा में रहते हैं। उन्हें लगता है कि फलों का सेवन करने से ब्लड शुगर का स्तर हाई हो जाता है। डायबिटीज के मरीजों की आम खाने को लेकर अक्सर ये सोच रहती है कि इनका सेवन करने से डायबिटीज का स्तर तेजी से बढ़ने लगता है। जबकि आम में नेचुरल शुगर होती है,जो बॉडी को विभिन्न पोषक तत्व देती हैं, विशेष रूप से विटामिन और प्रमुख खनिज मौजूद होते हैं लेकिन जिन लोगों की शुगर हाई होती है उनके लिए पक्का हुआ आम परेशानी पैदा कर सकता है।
एक्सपर्ट के मुताबिक आम डायबिटीज के मरीजों की शुगर को स्पाइक कर सकता है इसलिए इसे खाली पेट नहीं खाना चाहिए। आम का ग्लाइसेमिक इंडेक्स मध्यम होता है जो ब्लड शुगर के स्तर में मध्य वृद्धि कर सकता है। आम में फाइबर की मौजूदगी चीनी के अवशोषण को धीमा करने में मदद करती है। यदि आप विशेष रूप से शुगर स्पाइक्स के प्रति संवेदनशील हैं, तो आप पक्का हुआ आम नहीं बल्कि कच्चा आम खाएं।
अपोलो हॉस्पिटल की चीफ डायटीशियन डॉक्टर प्रियंका रोहतगी के मुताबिक डायबिटीज के मरीज कच्चा आम का सेवन कर सकते हैं। कच्चा आम का सेवन ब्लड शुगर को तेजी से स्पाइक नहीं करता। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि कच्चा आम कैसे ब्लड शुगर को कंट्रोल करता है और इसका सेवन डायबिटीज के मरीज कैसे कर सकते हैं।
कच्चा आम कैसे ब्लड शुगर को कंट्रोल करता है:
कच्चा आम पोषक तत्वों का ख़ज़ाना है। इसमें प्रोटीन, फाइबर, कैल्शियम, आयरन, मैग्नीशियम, फास्फोरस, पोटेशियम, सोडियम, जिंक और कॉपर जैसे जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं। कच्चा आम में विटामिन भी भरपूर मौजूद होते हैं। पके, मीठे आम की तुलना में कच्चे आम में चीनी की मात्रा कम होती है। ये फाइबर से भी भरपूर होते हैं और ब्लड शुगर के स्तर को कंट्रोल करने के लिए एक बेहतरीन विकल्प हो सकते हैं। फाइबर से भरपूर कच्चा आम मेटाबॉलिज्म को बूस्ट करता है और ब्लड शुगर को कंट्रोल करता है। इसका सेवन करने से पाचन दुरुस्त रहता है और बॉडी को पोषक तत्व मिलते हैं, और ब्लड शुगर भी कंट्रोल रहता है।
डायबिटीज के मरीज कच्चे आम का सेवन कैसे करें:
डायबिटीज के मरीज ब्लड शुगर को कंट्रोल करने के लिए कच्चे आम का सेवन उसका सलाद बनाकर, चटनी बनाकर और मुरब्बा बनाकर कर सकते हैं। डायबिटीज के मरीजों के लिए ऐसे आम का सेवन करना फायदेमंद है जो थोड़े से सख्त होते हैं। ये आम ब्लड शुगर के स्तर को कम करते हैं और बॉडी में मिठास और फाइबर का संतुलन बनाएं रखते हैं।