विश्व स्वास्थ्य संगठन (World Health Organization) की एक रिपोर्ट के अनुसार, दुनियाभर में लगभग 422 मिलियन लोग मधुमेह यानी डायबिटीज से पीड़ित हैं। वहीं, हर साल इस गंभीर बीमारी के चलते लगभग 15 लाख लोग अपनी जान गवा देते हैं। ऐसे में डायबिटीज से पीड़ित लोगों को अपनी सेहत पर खास ध्यान देने की जरूरत होती है।
डायबिटीज होने पर व्यक्ति का ब्लड शुगर लेवल बहुत अधिक बढ़ने या कम होने लगता है। अब, अधिकतर लोग हाई ब्लड शुगर पर तो नजर रखते हैं जबकि आपको बता दें कि ब्लड शुगर का कम होना भी उतना ही खतरनाक हो सकता है। इस स्थिति को हाइपोग्लाइसीमिया (Hypoglycemia) कहा जाता है।
हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक, हाइपोग्लाइसीमिया टाइप 1 और टाइप 2 दोनों तरह के मधुमेह वाले लोगों को प्रभावित कर सकता है, साथ ही एक स्वस्थ व्यक्ति को भी इस स्थिति का सामना करना पड़ सकता है। इसी कड़ी में यहां हम आपको ब्लड शुगर लेवल लो हो जाने के कुछ अहम कारण और लक्षणों के बारे में बता रहे हैं। इन लक्षणों की समय रहते पहचान कर आप स्थिति का अधिक गंभीर होने से बचा सकते हैं।
क्यों सुबह के समय ज्यादा होती है लो ब्लड शुगर की समस्या?
हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक, सुबह के समय ब्लड शुगर लेवल कम होने के पीछे कई कारण हो सकते हैं। जैसे-
- लंबे समय तक बिना खाए रहने से खासकर डायबिटीज वाले लोगों के ब्लड शुगर लेवल में गिरावट हो सकती है।
- अगर आप सोने से पहले हाई इंटेंसिटी वर्कआउट करते हैं, तो इससे भी सुबह तक आपका ब्लड शुगर लेवल बेहद कम हो सकता है। ऐसा इसलिए है क्योंकि व्यायाम के दौरान शरीर ऊर्जा के लिए ग्लूकोज का उपयोग करता है।
- हार्मोनल असंतुलन के चलते ब्लड शुगर लेवल कम सकता है।
- अगर आप डाइट में कार्बोहाइड्रेट की सही मात्रा नहीं ले रहे हैं, तो इससे ग्लूकोज की उपलब्धता कम हो सकती है।
- इन सब से अलग रात के समय उल्टी या दस्त होने पर ग्लूकोज की कमी हो सकती है जिससे भी सुबह आपका ब्लड शुगर लेवल बेहद कम हो सकता है।
ब्लड शुगर लो होने पर नजर आते हैं ये लक्षण-
तेजी से दिल धड़कना
अगर सोकर उठने के बाद आपको अपने दिन की धड़कन तेज महसूस हो रही हैं, तो ये लो ब्लड शुगर की ओर इशारा हो सकता है। एक्सपर्ट्स के मुताबिक, हाइपोग्लाइसीमिया की स्थिति में आपका दिल रक्त को अधिक तेजी से पंप करके ग्लूकोज की कमी की भरपाई करने की कोशिश करता है।
कंपन
सोकर उठने के बाद कंपकंपी छूटना खासकर हाथों का कांपना लो ब्लड शुगर का संकेत हो सकता है।
अधिक पसीना आना, घबराहट या बेचैनी
सुबह-सुबह अत्यधिक पसीना आना या घबराहट महसूस होना भी लो ब्लड शुगर का लक्षण हो सकता है।
चक्कर आना
चक्कर आना लो ब्लड शुगर का एक सामान्य लक्षण है। खासकर डायबिटीज के मरीजों को सुबह के समय ऐसा महसूस हो रहा है, तो तुरंत ब्लड शुगर की जांच कर लें।
सिरदर्द
इन सब से अलग इस स्थिति में आपको तेज सिर दर्द भी परेशान कर सकता है। ब्लड शुगर लेवल बहुत अधिक कम हो जाने पर रक्त वाहिकाओं और मस्तिष्क की कार्यप्रणाली पर प्रभाव पड़ने लगता है, जिससे सिरदर्द की परेशानी व्यक्ति को घेर लेती है।
इस स्थिति में सबसे पहले क्या करें?
ऐसा होने पर सबसे पहले अपने ब्लड शुगर लेवल की जांच करें। अगर आपका शुगर लेवल 70 मिलीग्राम/डीएल से नीचे है लेकिन बहुत कम नहीं है, तो इस दौरान आप 15-15 रूल को फॉलो कर सकते हैं।
इसके लिए सबसे पहले 15 ग्राम फास्ट-एक्टिंग कार्बोहाइड्रेट का सेवन करें। इसके बाद 15 मिनट इंतजार करें और फिर एक बार अपने शुगर लेवल का टेस्ट कर लें। अगर आपका ब्लड शुगर लेवल फिर भी कम आता है, तो आप एक बार और इस तरीके को अपना सकते हैं। हालांकि, दूसरी बार भी फर्क नजर नहीं आने पर तुरंत हेल्थ एक्सपर्ट्स से जांच कराएं। इस तरह कुछ आसान बातों को ध्यान में रखकर आप अपनी सेहत का ख्याल रख सकते हैं।
Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।