डायबिटीज एक ऐसी गंभीर बीमारी है जो इस वक्त दुनियाभर के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। खासकर भारत को तो डायबिटीज की कैपिटल कहा जाने लगा है। यहां आए दिन डायबिटीज के मरीजों की संख्या में इजाफा देखने को मिल रहा है। डायबिटीज से पीड़ित लोगों का ब्लड शुगर अनकंट्रोल तरीके से बढ़ने लगता है। ऐसे में सेहत को लेकर पीड़ित की जरा सी भी चूक कई बार उसे अस्पताल तक ले जाती है। वहीं, तेजी से लोगों को अपनी चपेट में ले रही इस बीमारी का अभी तक कोई सही इलाज भी नहीं मिल पाया है। विशेषज्ञ लगातार डायबिटीज के इलाज की खोज में लगे हैं। इन तमाम परेशानियों के बीच राहत की बात यह है कि डाइट में खान-पान की कुछ खास चीजों को शामिल कर डायबिटीज पर काफी हद तक कंट्रोल पाया जा सकता है। इसी कड़ी में हेल्थ एक्सपर्ट्स डायबिटीज पेशेंट को कंदमूल खाने की सलाह देते हैं।
कंदमूल को कई जगहों पर रामफल भी कहा जाता है। कहा जाता है कि श्रीराम ने 14 वर्ष वनवास के दौरान इस फल का सेवन किया था। इसका उल्लेख रामचरितमानस में भी मिलता है। वहीं, हेल्थ एक्सपर्ट्स की मानें तो ये खास फल ना केवल ब्लड में शुगर की मात्रा को कंट्रोल करता है, ब्लकि कई अन्य बीमारियों पर भी असरदार साबित होता है।
डायबिटीज पर कैसे असरदार है कंदमूल?
कंदमूल खाने से ग्लाइसेमिक इंडेक्स कम होता है यानी इसे खाने से ब्लड शुगर लेवल बढ़ता नहीं है। बता दें कि जिन फलों और सब्जियों का GI इंडेक्स जितना कम होगा, डायबिटीज पेशेंट के लिए वे उतनी ही फायदेमेंद साबित होती हैं। कंदमूल का सेवन बॉडी में इंसुलिन लेवल को बूस्ट करता है, जिससे मधुमेह या डायबिटीज को कंट्रोल करने में मदद मिलती है।
कैसे करें सेवन?
कंदमूल फल से आप दूध, पिस्ता, काजू, बादाम, अखरोट जैसे ड्राई फ्रूट्स और दालचीनी मिला कर एक स्मूदी तैयार कर सकते हैं। ये स्मूदी बेहद तेजी से ब्लड शुगर लेवल को नीचे लाने का काम करेगी। इसके अलावा आप चाहें तो कंदमूल को उबालकर अपने सलाद में शामिल करके भी खा सकते हैं।
और भी हैं कई फायदे:
डायबिटीज से अलग कंदमूल के सेहत पर और भी कई फायदे हैं। जैसे-
- इसमें फाइबर की मात्रा ज्यादा होती है, जिससे आपको जल्दी भूख नहीं लगती है। ऐसे में ये वजन घटाने के लिए बेहद जरूरी है। फाइबर मेटाबोलिज्म को तेज करता है और पाचन क्रिया को सक्रिय रखने में मदद करता है। इससे ज्यादा कैलोरी बर्न होती हैं और व्यक्ति का वजन तेजी से कम होने लगता है।
- इसका सेवन हार्ट संबंधी समस्याओं के जोखिम को कम करने में भी मदद कर सकता है। कंदमूल में विटामिन सी होता है जो कि बैड कोलेस्ट्रॉल को कम करने में असरदार है।
- कंदमूल का सेवन आयरन की कमी को दूर कर हीमोग्लोबिन के उत्पादन को बढ़ाता है। इस तरह ये कोशिकाओं को हेल्दी रखकर शरीर में ऑक्सीजन और न्यूट्रिशन पहुंचाने में मदद करता है।
- इन सब के अलावा कंदमूल फल में कुछ ऐसे एंटीऑक्सीडेंट्स पाए जाते हैं, जो सफेद बालों को काला करने में मददगार हैं।
Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।