हरियाणा के महेंद्रगढ़ से एक दिल छू लेने वाली खबर सामने आई है। यहां रहने वाले 25 साल के सचिन खंडेलवाल ने मरते-मरते 5 लोगों को नई जिंदगी दी है। सचिन कांवड लेकर गए थे। हालांकि, हरिद्वार से गंगा जल लेकर घर लौटते समय रूड़की के पास एक कार की चपेट में आने से उनकी मृत्यु हो गई। अब, सचिन के अंगों से 5 लोगों को नया जीवन मिला है।

दरअसल, कार एक्सीडेंट के बाद सचिन को AIIMS ऋषिकेश में भर्ती कराया गया था, यहां इलाज के दौरान उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया। इसके बाद डॉक्टर ने सचिन के परिवार से अंगदान को लेकर बात की। परिवार की सहमति के बाद सचिन की किडनी, पैंक्रियाज, लिवर और दोनों आंखों को ट्रांसप्लांट के लिए ले जाया गया। बता दें कि सचिन के कॉर्निया की बदौलत उत्तराखंड में दो मरीजों को आंखों की रोशनी मिल पाई है।

अंगदान को महादान कहा जाता है। नेशनल हेल्थ पोर्टल की एक रिपोर्ट के मुताबिक, हर साल भारत में 5 लाख लोगों की मौत केवल इसलिए हो जाती है क्योंकि उन्हें सही समय पर ऑर्गन नहीं मिल पाते हैं। इनमें से करीब 2 लाख लोग ऐसे हैं, जिनकी मौत लिवर ना मिलने के चलते हुई है। ऐसे में सचिन की तरह ही आपके ऑर्गन डोनेट करने का फैसला भी किसी व्यक्ति की जान बचाकर उन्हें एक नई जिंदगी दे सकता है। इसी कड़ी में यहां हम आपको ऑर्गन डॉनेशन से जुड़े कुछ अहम सवालों के जवाब दे रहे हैं।

सवाल: किस उम्र में कर सकते हैं अंगदान?

जवाब: अंगदान के लिए कोई निश्चित आयु सीमा नहीं है। आमतौर पर 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोग अंगदान कर सकते हैं। वहीं, अधिकतम उम्र का निर्धारण व्यक्ति की शारीरिक स्थिति से किया जाता है।

सवाल: किन अंगों और टिश्यू को कर सकते हैं दान?

जवाब: आप हृदय, फेफड़े, लिवर, किडनी, पैंक्रियाज, आंत, कॉर्निया (आंख की पुतली), हृदय के वाल्व यहां तक कि स्किन भी दान कर सकते हैं। आपके दान से कई लोगों की जान बचाई जा सकती है और उनके जीवन को बेहतर बनाया जा सकता है।

सवाल: कैसे करें अंगदान?

जवाब: अंगदान करने के लिए आपको एक फॉर्म भरना होगा और अपने निकटतम अस्पताल या अंगदान केंद्र में जमा करना होगा।

सवाल: क्या अंगदान करने के बाद पैसे मिलते हैं?

जवाब: वैसे तो अंगदान एक निशुल्क प्रक्रिया होती है। हालांकि, कई मामलों में इससे आश्रित को आर्थिक लाभ मिल सकते हैं।

सवाल: कौन नहीं कर सकता अंगदान?

जवाब: कुछ गंभीर बीमारी जैसे- कैंसर, एचआईवी, संक्रमण या इंट्रावेनस (आईवी), दमा आदि से पीड़ित लोग अंगदान नहीं कर सकते हैं।

Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।