सारी बीमारियां हमारे पेट से ही शुरू होती हैं। अगर हमारा पाचन ठीक न हो तो हमारा शरीर तरह-तरह की बीमारियों का घर बन जाता है। सबसे जरूरी है हमारी गट हेल्थ का ठीक रहना, अगर ऐसा न हो तो बवासीर (Piles) और कब्ज (Constipation) जैसी समस्या पैदा होने लगती है। आयुर्वेद के अनुसार, ये समस्याएं मुख्य रूप से वात दोष के असंतुलन के कारण होती हैं।
अगर आप या आपके आसपास कोई इस परेशानी से जूझ रहा है तो आज हम इसके पीछे के कारण और कुछ घरेलू उपाय के बारे में बताएंगे। आयुर्वेदिक एक्सपर्ट डॉक्टर दीक्सा भवसार के मुताबिक बवासीर या कब्ज जैसी परेशानी गलत खानपान और कम पानी पीने के कारण हो सकती हैं।
इन कारणों से हो सकती है बवासीर की परेशानी
1-सही खानपान की कमी होना
2-सूखे, ठंडे, मसालेदार, तले हुए भोजन का सेवन करना
3-पर्याप्त मात्रा में पानी न पीना
4-भोजन में कम फाइबर होना
5-मेटाबॉलिज्म का खराब होना
6-नींद की कमी/समय से न सोना
7-रात का खाना देर से खाना
8-कम फिजिकल एक्टिविटी
हालांकि इन दिनों बाजार में कई तरह की कई तरह की दवाएं मौजूद हैं, लेकिन पेट साफ रखने के लिए उनकी आदत सही नहीं है। ऐसे में जरूरी है सही जीवनशैली अपनाना और घरेलू तरीके से इस परेशानी से छुटकारा पाना। आज हम आपको डॉक्टर दीक्सा द्वारा बताए गए कुछ उपचारों के बारे में बताने जा रहे हैं, जो बेहद आसान हैं और असरदार भी।
गाय का घी:
एक्सपर्ट के मुताबिक गाय का घी पाइल्स के इलाज में फायदेमंद होता है। ये मेटाबॉलिज्म को बेहतर बनाता है। इसके साथ ही ये शरीर में स्वस्थ वसा बनाए रखने में मदद करता है। एक्सपर्ट पाइल्स के इलाज के लिए गाय का घी ही खाने की सलाह देते हैं, अगर भैंस का घी खाया जाए तो ये आपके शरीर को मोटा बना सकता है।
ऐसे करें सेवन:
सुबह खाली पेट या रात में सोने से पहले गर्म पानी में एक चम्मच घी घोलकर पीना चाहिए। ये पाचन को भी बेहतर बनाता है और पेट साफ रखता है। इसके साथ ही डॉक्टर्स गर्भवती महिलाओं को भी दूध या पानी में घोलकर पीने की सलाह देते हैं।
आंवला भी करता है फायदा
पेट को साफ रखने के लिए आंवला भी काफी फायदेमंद माना जाता है। अगर नियमित रूप से रोज सुबह खाली पेट पानी के साथ आंवले का चूर्ण का सेवन किया जाए। तो बवासीर और कब्ज की परेशानी धीरे-धीरे खत्म हो सकती है।
मेथी दाने का करें सेवन
एक चम्मच मेथी के दानों को रातभर भिगोकर सुबह खाली पेट सेवन करने से फायदा होता है। इसे गर्म पानी के साथ चबाकर खाएं। ये वात की समस्या को भी खत्म करता है।