गर्मी का मौसम पूरे उफान पर है। बढ़ता तापमान सेहत को कई तरह से प्रभावित कर रहा है। इस मौसम में पेट से जुड़ी परेशानियां खासतौर पर परेशान कर रही हैं। कब्ज,गैस,अपच और एसिडिटी इस मौसम में ज्यादातर लोगों को परेशान कर रही है। पाचन से जुड़ी इन बीमारियों के लिए खराब डाइट और बिगड़ता लाइफस्टाइल जिम्मेदार है। इस मौसम में तला भुना और मसालेदार खाना पेट को भारी कर देता है,अपच और गैस को बढ़ा देता है। खाना खाने के बाद पेट में अग्नि जलती हुई महसूस होती है। इस मौसम में डाइट में कुछ खास तरह के बदलाव किए जाए तो पेट की सेहत को दुरुस्त किया जा सकता है।
वेबएमडी के मुताबिक गर्मी में पेट की हेल्थ को दुरुस्त करने के लिए फाइबर और पानी से भरपूर फूड्स और प्रोबायोटिक्स का सेवन दवा की तरह असर करता है। ये फूड पेट में गुड बैक्टीरिया को बढ़ाकर, पाचन में सुधार करते हैं और सूजन को कम करते हैं। पाचन से जुड़ी परेशानियों को दूर करने के लिए और आंत की सेहत को दुरुस्त करने में इन तीन तरह के फूड्स का जवाब नहीं है। आइए जानते हैं कि गर्मी में पाचन की हेल्थ को ठीक रखने के लिए कौन-कौन से फूड्स का सेवन कर सकते हैं।
दही खाएं
दही प्रोबायोटिक्स का बेहतरीन स्त्रोत है जो गट हेल्थ के लिए फायदेमंद है। दही का सेवन करने से आंत में गुड बैक्टीरिया में बढ़ोतरी होती है। अगर आप गर्मी में पेट से जुड़ी परेशानियों को दूर करना चाहते हैं तो डाइट में सादा, बिना चीनी के दही का सेवन करें। दही में मिठास चाहते हैं तो आप उसमें ताजे फल या शहद का सेवन कर सकते हैं। दही का सेवन आप सुबह के नाश्ते में कर सकते हैं।
केफिर का करें सेवन
केफिर एक फर्मेंटेड मिल्क ड्रिंक है जिसमें कई तरह के प्रोबायोटिक्स और खमीर होते हैं, जो आंत की सेहत में सुधार लाते हैं। केफिर का सेवन आप स्मूदी के लिए फलों के साथ मिलाकर कर सकते हैं।
किम्ची
किम्ची एक फर्मेंटेड वेज डिश है जो खासतौर पर गोभी और मूली से बनाई जाती है। किम्ची प्रोबायोटिक्स, विटामिन और फाइबर से भरपूर डिश है। इसे साइड डिश के रूप में खाएं या सलाद और सैंडविच में डालें और इसका सेवन करें। रोजाना स्मॉल अमाउंट में इसका सेवन करने से गट हेल्थ में सुधार होता है।
बेरीज का करें सेवन
ब्लूबेरी, रास्पबेरी और स्ट्रॉबेरी फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट गुणों से भरपूर होती है जो गट हेल्थ को दुरुस्त करती है। आंत की सेहत को सुधारने में बेरीज का सेवन बेहद उपयोगी है। इसका सेवन करने से आंत की सूजन कम होती है। आप ताजा बेरीज खाएं, दही या स्मूदी में मिलाकर या फिर सलाद में मिलाकर उसका सेवन करें।
पत्तेदार सब्जियों का करें सेवन
पालक, केल और स्विस चार्ड जैसी हरी सब्जियां फाइबर से भरपूर होती हैं और इसमें ऐसे यौगिक होते हैं जो आंत में गुट बैक्टीरिया को पोषण देते हैं। आप इन सब्जियों का सेवन सलाद और स्मूदी के रूप में कर सकते हैं।