आपने अक्सर बड़े बुजुर्गों को कहते हुए सुना होगा कि स्वस्थ शरीर के लिए पाचन तंत्र का ठीक रहना सबसे अधिक जरूरी है। हेल्थ एक्सपर्ट्स भी इस बात पर सहमति जताते हैं। दरअसल, दिनभर में आप जो कुछ भी खाते-पीते हैं, आपका पाचन तंत्र उसे ठीक ढंग से पचाकर शरीर के लिए जरूरी पोषक तत्वों में तोड़ने का काम करता है। इन पोषक तत्वों से ही बॉडी को एनर्जी मिलती है।
हालांकि, आज के समय में लोग हेल्दी चीजों को छोड़कर बाहर का तला-भुना और ऑयली फूड ज्यादा खाने लगे हैं। इसके साथ ही किसी तरह की शारीरिक गतिविधि मानों लोगों के जीवन से खत्म ही होती जा रही है। ऐसे में कब्ज की समस्या आम हो गई है। बता दें कि कब्ज होने पर भोजन ठीक ढंग से पच नहीं पाता है, इससे आपको मल त्यागने में परेशानी होने लगती है और इस तरह धीरे-धीरे आंतों में गंदगी जमा होने लगती है। वहीं, ये गंदगी कई और बीमारियों का कारण भी बन सकती है।
घेर लेती हैं ये परेशानियां
कब्ज होने पर आपको पेट फूलना, पेट में ऐंठन, असहनीय दर्द, गैस, एसिडिटी, उल्टी, मतली, आदि समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा लंबे समय पर कब्ज की परेशानी बवासीर का कारण भी बन सकती है। ऐसे में अगर आप भी इस तरह की परेशानी से जूझ रहे हैं और तमाम कोशिशों के बावजूद आपका पेट ठीक ढंग से साफ नहीं हो पाता है, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार साबित हो सकता है। इस लेख में हम आपको एक ऐसा कमाल का नुस्खा बता रहे हैं, जो कब्ज की समस्या से राहत दिलाकर पेट साफ करने में आपकी मदद कर सकता है।
क्या है ये खास नुस्खा?
इसके लिए एक गिलास पानी में करीब 1 बड़े चम्मच सफेद तिल के बीजों को 12 से 13 घंटों के लिए भिगोकर रख दें और रात को सोने से पहले इन बीजों का सेवन करें। इसके बाद एक बार फिर एक गिलास पानी में 1 बड़े चम्मच सफेद तिल के बीजों को रातभर के लिए भिगोकर रख दें और सुबह खाली पेट फिर इनका सेवन करें। ऐसा करने पर आपको जल्द कब्ज की समस्या से राहत मिल जाएगी।
कैसे करते हैं असर?
दरअसल, कई हेल्थ रिपोर्ट्स बताती हैं कि तिल के बीजों में फाइबर की भरपूर मात्रा पाई जाती है। वहीं, फाइबर रिच फूड पाचन को बढ़ावा देकर कब्ज की समस्या से तेजी से छुटकारा दिलाने में मददगार होते हैं। फाइबर से भरपूर चीजों को खाने से बड़ी आंत से भोजन जल्दी आगे चला जाता है और पाचन प्रक्रिया सही रहती है। इससे मल त्यागना आसान हो जाता है और आपको कब्ज की समस्या से छुटकारा मिलता है। इसके अलावा तिल में बीजों में पाया जाने वाला तेल आंतों को चिकना बनाए रखता है। इस तरह भी ये पाचन को दुरुस्त करने का काम करता है।
यही वजह है कि हेल्थ एक्सपर्ट्स कब्ज और पेट से जुड़ी समस्याओं से छुटकारा पाने के लिए रात को सोने से पहले और सुबह खाली पेट पानी में भिगे हुए तिल के बीज खाने की सलाह देते हैं। ऐसा करने पर सुबह पेट साफ करने में आपको आसानी होगी।
Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।