खराब लाइफस्टाइल और अनहेल्दी खानपान के चलते आज के समय में लोग तरह-तरह की स्वास्थ्य समस्याओं का सामना कर रहे हैं। इनमें पेट से जुड़ी समस्याएं सबसे आम हैं। अधिकतर लोग बाजार में मिलने वाला अनहेल्दी खाना खाते हैं जिसका सीधा असर पाचन क्रिया पर पड़ता है। ऐसा खाना जल्दी पच नहीं पाता है और इसके चलते लोगों को पेट में तेज दर्द, गैस, अपच, एसिडिटी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इन सब के अलावा एक और समस्या जो सबसे ज्यादा परेशान करती है, वो है कब्ज। अधिकतर लोगों की शिकायत होती है कि कई बार घंटों टॉयलेट में बैठे रहने के बाद भी उनका पेट साफ नहीं हो पाता है। ऐसे में उनका पेट अधिक खराब रहने लगता है। वहीं, अगर आप भी इस तरह की परेशानी का सामना कर रहे हैं, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार साबित हो सकता है।
यहां हम आपको एक ऐसे खास पेस्ट के बारे में बता रहे हैं, जिसका सेवन आपको मल त्यागने में मदद कर सकता है। साथ ही इस पेस्ट के नियमित सेवन से आपको पेट से जुड़ी और भी कई समस्याओं से राहत मिल सकती है। अधिक कमाल की बात यह है कि कब्ज पर असरदार इस पेस्ट को बनाने के लिए आपको केवल आपकी रसोई में मौजूद दो चीजों की जरूरत होगी। आइए जानते हैं क्या हैं ये दो चीजें और कैसे ये पेट साफ करने में मददगार हैं।
ऐसे तैयार करें पेस्ट
कब्ज से राहत पाने के लिए आपको केवल ताजी अदरक की एक गांठ और कुछ ताजे धनिया के पत्तों की जरूरत होगी। आप इन दोनों चीजों को पीसकर चटनी की तरह तैयार कर सकते हैं। वहीं, हर रोज खाली पेट केवल एक चम्मच इस पेस्ट के सेवन से आपको कमाल के नतीजे देखने को मिल सकते हैं।
कैसे है असरदार?
बता दें कि पेट साफ करने के लिए अदरक सबसे असरदार घरेलू उपचारों में से एक है। अदरक एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होता है, साथ ही इसमें लैक्सेटिव गुण होता है, जो मल त्याग की प्रक्रिया को आसान बनाने में मदद करता है। इन सब के अलावा अदरक में मौजूद जिंजरोल भी पाचन तंत्र को स्वस्थ रखने और पेट संबंधी समस्याओं को दूर करने में मदद करता है। अदरक के सेवन से पेट में गैस, एसिडिटी और अपच जैसी समस्याओं से छुटकारा मिल सकता है।
वहीं, बात धनिया की करें तो इसकी पत्तियां भी कब्ज की समस्या को दूर करने में लाभदायक हैं। धनिया में उच्च मात्रा में फाइबर पाया जाता है, जो पाचन को बढ़ावा देने का काम करता है, जिससे कब्ज की समस्या दूर हो जाती है। इसके अलावा धनिया में मौजूद थाइमोल नामक यौगिक पाचन रसों के स्राव को बढ़ाता है, जो भी कब्ज में राहत पहुंचाने मददगार हैं। ऐसे में अदरक और धनिया से तैयार पेस्ट का सेवन करने से आपको कब्ज की समस्या से जल्द राहत मिल सकती है।
Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।