जैसे-जैसे मौसम बदल रहा है, अधिकतर लोग सर्दी-खांसी, गले में खराश जैसी समस्याओं से परेशान रहने लगे हैं। इससे अलग इन दिनों एलर्जी के मामलों में भी तेजी से बढ़त देखने को मिली है। ऐसे में इन दोनों समस्याओं को लेकर अक्सर लोग असमंजस में रहते हैं। जुकाम और एलर्जी, दोनों समस्याओं में ही पीड़ित को गले में खराश, बार-बार छींक आना, नाक बहना आदि परेशानियों का सामना करना पड़ता है, ऐसे में दोनों के बीच फर्क कैसे समझा जाए, ये सवाल अक्सर लोगों के मन में रहता है। इस आर्टिकल में हम आपको इसी सवाल का जवाब देने वाले हैं।
कैसे पहचानें जुकाम या एलर्जी के बीच अंतर?
गौरतलब है कि खासकर बच्चे इन समस्याओं की चपेट में सबसे जल्दी आते हैं। ऐसे में मामले को लकर इंडियन एक्सप्रेस संग हुई बातचीत के दौरान मदरहुड हॉस्पिटल्स, इलेक्ट्रॉनिक सिटी में कंसल्टेंट पीडियाट्रिशियन डॉ. कृष्णा प्रसाद ने बताया, ‘दोनों के बीच मुख्य अंतर यह है कि सामान्य सर्दी वायरस के कारण होती है, जबकि एलर्जी पराग या धूल जैसे हानिरहित पदार्थों के प्रति आपके इम्यून सिस्टम के ओवर रिएक्शन से उत्पन्न होती है।’
डॉ. प्रसाद ने आगे बताया, ‘इस मौसम में एलर्जी के मामले ज्यादा देखने को मिलते हैं। हालांकि, कई बार सर्दी-गर्मी के चलते लोग जुकाम से भी घिर जाते हैं। ऐसे में परेशानी से राहत पाने के लिए समस्या की पहचान कर सही इलाज करना जरूरी है। इस स्थिति में आप कुछ खास बातों पर ध्यान देकर जुकाम और एलर्जी के बीच फर्क को पहचान सकते हैं।’
इस तरह करें पहचान
जुकाम | एलर्जी |
डॉ. कृष्णा प्रसाद बताते हैं, जुकाम आमतौर पर 3-10 दिनों तक अपना असर दिखाता है। | जबकि एलर्जी की समस्या आपको कई हफ्तों तक परेशान कर सकती है। |
जुकाम अक्सर बुखार, गले में खराश, शरीर में दर्द और थकान के साथ होता है। | जबकि एलर्जी की समस्या में पीड़ित को खुजली, आंखों से पानी आना, पलकों का सूज जाना, त्वचा पर चकत्ते पड़ना आदि समस्याओं से जूझना पड़ता है। |
जुकाम अक्सर बुखार, गले में खराश, शरीर में दर्द और थकान के साथ होता है। | एलर्जी की समस्या संक्रामक नहीं होती है। |
जुकाम की स्थिति में पीड़ित को गले में तेज दर्द परेशान करता है। | एलर्जी होने पर गले में इस तरह के दर्द का एहसास कम ही होता है। |
जुकाम होने पर आराम करने, गर्म अदरक वाली चाय, गर्म पानी आदि के सेवन से कुछ हद तक राहत मिल सकती है। | एलर्जी होने पर गर्म चाय या पानी का असर कम ही देखने को मिलता है। इससे अलग नेजल सलाइन से राहत पाई जा सकती है। |
इस तरह कुछ आम बातों पर ध्यान देकर आप अपनी समस्या को पहचान सकते हैं।
Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।