कोलेस्ट्रॉल मोम जैसा एक पदार्थ होता है, जो लीवर से उत्पन्न होता है और ब्लड में पाया जाता है। कोशिकाओं को स्वस्थ रखने और नई कोशिकाओं के निर्माण के लिए कोलेस्ट्रॉल की जरूरत होती है। कोलेस्ट्रॉल का बढ़ना सेहत के लिए परेशानी का सबब बन सकता है। कोलेस्ट्रॉल बढ़ने से हार्ट डिज़िज़, हार्ट अटैक और पेरिफ्रेरल आर्टरी डिज़िज़ का खतरा बढ़ सकता है। कोलेस्ट्रॉल दो तरह का होता है गुड कोलेस्ट्रॉल और बेड कोलेस्ट्रॉल। कोलेस्ट्रॉल बढ़ने के लिए आनुवांशिकी के अलावा भी कुछ कारण जिम्मेदार हैं जैसे फैटी फूड का सेवन, एक्सरसाइज न करना और अधिक वजन होना शामिल है।
कोलेस्ट्रॉल बढ़ने पर बॉडी में उसके लक्षण दिखना शुरू हो जाते हैं। लगातार मितली आना, जबड़ों और बाहों में दर्द होना, सांस लेने में समस्या होना और बहुत अधिक पसीना आना ऐसी परेशानियां है जो कोलेस्ट्रॉल बढ़ने की वजह से होती हैं।
कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल करने के लिए लोग तरह तरह के उपाय भी करते हैं लेकिन अधिकतर उपायों का असर ज्यादा लम्बें समय तक नहीं रह पाता है। योग गुरु बाबा रामदेव के अनुसार योग की मदद से बढ़े हुए कोलेस्ट्रॉल को कम किया जा सकता है। आइये बाबा रामदेव से जानते हैं किन योगासनों के जरिए कोलेस्ट्रॉल को कम किया जा सकता है।
सर्वांगासन:
बाबा रामदेव बताते हैं कि रोजाना सर्वांगासन करने से कोलेस्ट्रॉल को कम करने में मदद मिलती है। बता दें कि सर्वांगासन करने से शरीर में बनने वाले कोलेस्ट्रॉल की मात्रा भी कम होती है और इस आसन से ब्लड सर्कुलेशन भी ठीक रहता है। रोजाना सर्वांगासन करने से कब्ज की समस्या से भी राहत मिलती है और यह पाचन तंत्र को भी सक्रिय बनाने में मदद करता है।
शलभासन:
बाबा रामदेव के अनुसार शलभासन करने से बढ़े हुए कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल किया जा सकता है। इसके अलावा शलभासन शरीर में जमा फालतू फैट को कम करने में भी मदद करता है और लिवर को भी मजबूत बनाता है। बता दें कि रोजाना शलभासन करने से कोलेस्ट्रॉल की समस्या से छुटकारा पाया जा सकता है।
सूर्य नमस्कार:
सूर्य नमस्कार करने से हमारे शरीर को कई फायदे मिलते हैं। रोजाना सूर्य नमस्कार करने से न केवल शरीर का संतुलन बना रहता है बल्कि ये शरीर में हार्मोन संतुलन और कोलेस्ट्रॉल के बढ़े हुए स्तर को कम करने में भी मदद करता है। बाबा रामदेव के अनुसार सूर्य नमस्कार कोलेस्ट्रॉल के अलावा शरीर को अन्य बीमारियों के खतरे से भी बचाता है।