कई बार लोगों को कुछ भी खाने या पीने के बाद खट्टी डकार, सीने में जलन, गले में तेज चुभन जैसी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। बता दें कि पाचन से संबंधित इस परेशानी को एसिड रिफ्लक्स (Acid Reflux) कहा जाता है। खासकर अधिक तली-भुनी या मसालेदार चीजें खाने पर व्यक्ति को इस तरह की समस्या परेशान कर सकती है। वहीं, बार-बार खट्टी डकार आने पर पीड़ित को असहजता के एहसास तो परेशान करता ही है, साथ ही इसके चलते वह फिर खाना भी स्किप करने लगता है। भूख लगने के बावजूद सीने में जलन और गले में एक अजीब सी चुभन के चलते लोग खाने का एक निवाला तक गले से नीचे नहीं उतार पाते हैं।
वहीं, अगर आपको भी अक्सर इस तरह की स्थिति से दो-चार होना पड़ता है, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार साबित हो सकता है। यहां हम आपको एक बेहद आसान नुस्खा बता रहे हैं, जिसे अपनाकर आप केवल 5 मिनट के अंदर खट्टी डकार और सीने में जलन की परेशानी से निजात पा सकते हैं। आइए जानते हैं कैसे-
क्या है ये खास तरीका?
आपको जानकर हैरानी हो सकती है लेकिन आप केवल 5 मिनट के लिए एक च्युइंग गम चबाकर एसिड रिफ्लक्स की परेशानी से राहत पा सकते हैं। आइए जानते हैं कैसे ये आसान तरीका आपको आराम दिलाने में मददगार हो सकता है।
च्युइंग गम से कैसे मिलता है आराम?
दरअसल, च्युइंग गम चबाने से आपके मुंह के अंदर लार का उत्पादन अधिक होता है। वहीं, यही लार एसिड रिफ्लक्स से लड़कर आपको आराम दिलाने में एक सुपरहीरो की तरह काम करती है। आपके मुंह में मौजूद लार में बाइकार्बोनेट पाया जाता है, जो एक प्राकृतिक एसिड न्यूट्रलाइजर होता है। ये आपके गले और अन्नप्रणाली (Oesophagus) में मौजूद पेट के एसिड को कम करने में मदद करता है, जिससे आपको खट्टी डकारों से राहत मिल जाती है। यानी आप जितनी देर तक च्युइंग गम को चबाएंगे, इससे उतनी ही मात्रा में लार का उत्पादन होगा और ये लार आपको एसिड रिफ्लक्स की परेशानी से राहत दिलाने में मददगार साबित होगी।
इन बातों का रखें ध्यान
च्युइंग गम चबाने का तरीका फायदेमंद हो सकता है, लेकिन इस दौरान कुछ बातों का ध्यान में रखना भी जरूरी हो जाता है। जैसे- परेशानी से निजात पाने के लिए सही च्युइंग गम का चयन करें। इसके लिए खासकर पेपरमिंट गम का इस्तेमाल करने से बचें। पेपरमिंट गम क स्वाद भले ही रिफ्रेशिंग होता है, लेकिन एसिड रिफ्लक्स की परेशानी में इसका उपयोग परेशानी को और अधिक बढ़ा सकता है।
इससे अलग चीनीयुक्त च्युइंग गम भी न चबाएं, स्वादिष्ट लगने वाली इस तरह की च्युइंग गम आपके मसूड़ों और दांतों के लिए हानिकारक हो सतती हैं।
क्या है सही विकल्प?
इन सब से अलग शुगर फ्री और बाइकार्बोनेट गम का उपयोग करने पर विचार करें। यह न केवल आपकी लार उत्पादन को अधिक बढ़ावा देगी, बल्कि अपने एसिड न्यूट्रलाइजिंग गुणों के चलते एसिड रिफ्लक्स की परेशानी पर भी दोगुना तेजी से असर दिखाएगी। साथ ही ये आपके दांतों और मसूड़ों के लिए भी सुरक्षित है।
Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।