सर्वाइकल पेन एक आम समस्या है जिससे लोग अक्सर परेशान रहते हैं। ये बीमारी घंटों बैठकर डेस्क वर्क करने वाले लोगों को ज्यादा परेशान करती है। सर्वाइकल पेन सर्वाइकल स्पोंडिलोलिसिस के कारण होने वाला दर्द है। इसमें दर्द गर्दन से शुरू होकर रीढ़ की हड्डी और कमर की ओर जाता है। आमतौर पर सर्वाइकल का दर्द (Cervical Pain) शरीर के अंगों में स्टिफनेस की वजह से होता है।
सर्वाइकल पेन कई कारणों की वजह से होता है जैसे गर्दन की हड्डी बढ़ने से, लम्बे समय तक एक ही स्थिति में बैठने से, खराब मुद्रा, झुक कर बैठना, तनाव और कई अन्य गलत आदतों की वजह से सर्वाइकल पेन हो सकता है। यह दर्द युवाओं से लेकर बुर्जुगों तक में देखने को मिल रहा है। अक्सर लोग सर्वाइकल पेन को गर्दन का दर्द और अकड़न समझकर नजरअंदाज कर देते हैं।
अगर समय पर इस परेशानी का इलाज नहीं किया तो आगे चलकर ये बीमारी और ज्यादा गंभीर बन सकती है। आप भी अक्सर गर्दन के दर्द से परेशान रहते हैं तो डॉक्टर को दिखाएं और साथ ही कुछ घरेलू उपायों को भी अपनाएं। आइए जानते हैं कि सर्वाइकल पेन का घर में इलाज कैसे करें।
सर्वाइकल के लक्षण: सिर दर्द होना, गर्दन हिलाने पर गर्दन की हड्डियों से आवाज़ आना, हाथ, बाजू और उंगलियां सुन्न होना,मांसपेशियों में ऐंठन, गर्दन और कंधों में अकड़न होना।
गर्दन की बर्फ से सिकाई करें: सर्वाइकल से होने वाले दर्द से परेशान हैं तो घर में ही गर्दन की बर्फ से सिकाई करें। किसी टॉवल में बर्फ का टुकड़ा लें और उससे धीरे-धीरे गर्द की सिकाई करें। बर्फ की सिकाई करने से सर्वाइकल पेन के लक्षण कम होते हैं। आप चाहें तो गर्म सेक से भी सिकाई कर सकते हैं। गर्म और ठंडी सेक सर्वाइकल पेन से निजात दिलाएगी।
सोने का तरीका बदलें: अगर आपको भी आराम दायक बिस्तर पर सोना पसंद है तो अपनी इस आदत को जल्दी बदल लीजिए। आराम देने वाला सॉफ्ट ताकिया और गद्दा सर्वाइकल पेन का कारण बन सकता है। पतला तकिया सिर के नीचे रखें और रूई के गद्दे पर सोएं आपको दर्द से राहत मिलेगी। पीठ के बल या करवट लेकर सोएं। आपके सोने का तरीका आपको गर्दन के दर्द से निजात दिलाएगा।
योगा और एक्सरसाइज करें: सर्वाइकल पेन से निजात पाने के लिए नियामित रूप से योगा और एक्सरसाइज कीजिए। इस दर्द से निजात पाने के लिए सूर्य नमस्कार करें। सूर्य नमस्कार करने से रीढ़ की हड्डी समेत पूरे शरीर की अकड़न दूर होती है और हड्डी लचीली बनती है। जिन लोगों को अक्सर सर्वाइकल का दर्द रहता है उन्हें रोज सूर्य नमस्कार करना चाहिए।