गर्मी का बेहतरीन तोहफा है आम, जिसे फलों का राजा कहा जाता है। आम का लाजवाब स्वाद और उसकी जबरदस्त न्यूट्रीशन वैल्यू इस फल को बेहतरीन और खास बनाती है। आम का नाम लेते ही बच्चे से लेकर जवान और बूढ़ों का दिल खाने के लिए ललचा जाता है, लेकिन इस फल को खाने से पहले डायबिटीज मरीज 100 बार सोचते हैं कि वो इस फल को खाएं या नहीं खाएं। अक्सर उन्हें ये डर सताता है कि अगर वो आम खाएंगे तो उनका ब्लड शुगर का स्तर हाई होने लगेगा। अब सवाल ये उठता है कि क्या सचमुच आम का सेवन डायबिटीज मरीजों के लिए सुरक्षित नहीं है?
मैक्स हेल्थकेयर के एंडोक्रिनोलॉजी एंड डायबिटीज के चेयरमैन डॉ अंबरीश मिथल कहते हैं इन दिनों उनके पास आने वाले ज्यादातर डायबिटीज के मरीज एक ही सवाल करते हैं क्या वो गर्मी में आम का सेवन कर सकते हैं। एक्सपर्ट ने बताया फलों का सेवन करना सेहत के लिए उपयोगी होता है लेकिन अगर आपका HBA1C हाई है और ब्लड शुगर बिल्कुल नॉर्मल नहीं हो रहा तो ऐसी स्थिति में आपके लिए कार्बोहाइड्रेट का सेवन करना गलत होगा।
आम स्वाद में मीठा होता है, अगर आपकी ब्लड शुगर हाई है तो ऐसी स्थिति में ये आपकी शुगर को बढ़ा सकता है। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं अगर डायबिटीज मरीज आम खाते हैं तो इसकी सुरक्षित मात्रा क्या है? क्या डायबिटीज मरीजों को आम खाने से कुछ फायदा हो सकता है? आइए इन सभी सवालों के जवाब जानते हैं।
क्या मधुमेह रोगी रोज आम खा सकते हैं?
एक्सपर्ट ने बताया डायबिटीज मरीज रोज आम खा सकते हैं लेकिन उसे खाने का मूल मंत्र मॉडरेशन और ब्लड शुगर की निगरानी करना है। आम का ग्लाइसेमिक इंडेक्स 51-56 के बीच होता है जो बहुत ज्यादा नहीं है। डायबिटीज मरीज अगर सीमित मात्रा में आम का सेवन करते हैं तो उनकी ब्लड शुगर का स्तर नॉर्मल रहता है।
डायबिटीज मरीज कितना आम खा सकते हैं?
अमेरिकन डायबिटीज एसोसिएशन (ADA) के अनुसार आम बेलेंस और विविध आहार में शामिल किया जा सकता है। ADA ताजे,जमे हुए और बिना चीनी मिलाए फलों का सेवन करने की सलाह देता है। किसी भी फल की एक सर्विंग में 15 ग्राम कार्बोहाइड्रेट होना चाहिए, आम के दो-तिहाई कप में लगभग इतनी मात्रा होती है।
आम में कौन-कौन से पोषक तत्व मौजूद होते हैं?
आम सिर्फ़ स्वादिष्ट ही नहीं होते बल्कि ये पोषक तत्वों से भी भरपूर फल है। इनमें vitamins C,vitamins A, डाइटरी फाइबर, फोलेट, पोटैशियम और एंटीऑक्सीडेंट सहित कई पोषक तत्व मौजूद होते हैं। ये पोषक तत्व इम्यूनिटी को बढ़ाते हैं, स्किन और आंखों को हेल्दी रखते हैं। इसमें मौजूद फाइबर पाचन को दुरुस्त करता है और ब्लड शुगर को भी तेजी से बढ़ने नहीं देता। इसमें एंटीऑक्सीडेंट की प्रचुरता शरीर को ऑक्सीडेटिव क्षति से बचाती है और सूजन को कम करती है।
आम खाने का सबसे अच्छा समय क्या है?
एक्सपर्ट के मुताबिक डायबिटीज मरीज आम का सेवन दिन के समय करें तो ज्यादा बेहतर होगा, सुबह खाली पेट आम नहीं खाएं। दिन के समय शरीर का मेटाबॉलिज्म आमतौर पर रात के समय से ज़्यादा होता है तो इसे खाने से तेजी से शुगर हाई नहीं होता।
गर्मी का तोहफ़ा है ये फल, सिर्फ 15-20 दिनों तक मिलने वाला ये फ्रूट समर की 5 बीमारियों का है रामबाण इलाज, नित्यानंदन श्री ने बताए फायदे। आप भी इस फल की पूरी जानकारी लेना चाहते हैं तो लिंक पर क्लिक करें।