आज के समय में मेडिकल क्षेत्र बेहद तेजी से तरक्की कर रहा है। इस बीच यूनाइटेड किंगडम (यूके) से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। आपको जानकर हैरानी होगी कि यहां पहली बार एक बच्चा दो नहीं बल्कि 3 लोगों के डीएनए से पैदा (Baby With Three DNA) हुआ है। बच्चे में 99.8 फीसदी डीएनए माता-पिता से आया और बाकि का जन्म देने वाली महिला से मिला है। यूके की फर्टिलिटी रेगुलेटर ह्यूमन एंड एंब्रॉलजी अथॉरिटी ने इस बात की पुष्टि की है। HFEA के मुताबिक, डॉक्टर माइटोकॉन्ड्रियल बीमारियों (Mitochondrial Diseases) के साथ पैदा होने वाले बच्चों को रोकना चाहते हैं, इसी कड़ी में उन्होंने बच्चा पैदा करने की इस तकनीक का सहारा लिया है।
दरअसल, बच्चे के अंदर माइटोकॉन्ड्रियल रोग जन्म देने वाली मां से ट्रांसफर होता है जो जन्म के कुछ दिनों या महज कुछ घंटों के बाद घातक हो सकते हैं। इससे बचने के लिए माइटोकॉन्ड्रियल डोनर ट्रीटमेंट (Mitochondrial Donation Treatment) किया जाता है।
क्या है माइटोकॉन्ड्रियल डोनेशन ट्रीटमेंट?
माइटोकॉन्ड्रियल डोनेशन ट्रीटमेंट (MDT) के नाम से जानी जाने वाली इस नई तकनीक के दौरान एक हेल्दी फीमेल डोनर से एग यानी अंडे के टिशू लिए जाते हैं और फिर इनसे आईवीएफ एम्ब्रिओज बनाए जाते हैं। बता दें कि ये एम्ब्रिओज नुकसानदायक म्यूटेशन से मुक्त होते हैं। वैज्ञानिकों का मानना है इन प्रोसेस के चलते बच्चे को मां से ट्रांसफर होने वाले माइटोकॉन्ड्रियल रोग से बचाया जा सकता है।
आसान भाषा में समझें तो ये IVF का ही एक बदला हुआ रूप है। फर्क इतना है कि इसमें एक दूसरी महिला के हेल्दी एग से माइटोकॉन्ड्रिया का इस्तेमाल किया जाता है।
किस पर जाएगी बच्चे की शक्ल?
बता दें कि तीन डीएनए के साथ पैदा हुए इस बच्चे का जन्म इंग्लैंड के उत्तर-पूर्व न्यूकैसल क्लिनिक में हुआ है। डॉक्टर्स के मुताबिक, बच्चा बिना किसी खतरे के सफल रूप से जन्मा है। वहीं, दिलचस्प बात यह है कि बच्चे के पास उसके माता और पिता से न्यूक्लियर डीएनए होगा। यानी बच्चे का व्यक्तित्व, उसकी आंखों का रंग, शक्ल आदि उसके माता-पिता से ही मेल खाएगा। इसके अलावा, इसमें महिला दाता यानी फीमेल डोनर द्वारा प्रदान की जाने वाली माइटोकॉन्ड्रियल डीएनए की एक छोटी मात्रा होगी।
गौरतलब है कि एमडीटी तकनीक से बच्चा पैदा करने वाला यूके पहला देश नहीं है। इससे पहले साल 2016 में इस तकनीक के माध्यम से अमेरिका में भी एक बच्चा जन्म ले चुका है।