डायबिटीज आम समस्या बनती जा रही है। इसकी चपेट में आने के बाद व्यक्ति की जीवन शैली प्रभावित हो जाती है। मरीज को यह समझ में नहीं आता कि क्या खाया जाए? डॉक्टर कहते हैं कि अगर आप एक हेल्दी डाइट फॉलो करें तो ब्लड शुगर लेवल को नियंत्रित रख सकते हैं। अब सवाल ये उठता है कि ब्लड शुगर को नियंत्रित रखने के लिए आखिर क्या खाएं ?
अपोलो हॉस्पिटल के डॉ. बीके रॉय कहते हैं कि ब्लड शुगर को नियंत्रित रखने के लिए आपको रिफाइन कार्ब्स को छोड़ना होगा। रिफाइन कार्ब्स डायबिटीज मरीजों के लिए जहर समान है। जैसे – मैगी, चीनी, मैदे से बनी हुई जितनी भी चीजें होती हैं, वो सब ही हाई ग्लाइसेमिक इंडेक्स वाले फूड होते हैं। इसमें न कोई फाइबर, न फैट होता है और प्रोटीन की मात्रा भी कम होती है। जिसका सेवन सोच समझ कर ब्लड शुगर वाले मरीजों को करना चाहिए।
किन चीजों का सेवन करें?
हरी सब्जियां – हरे पत्तों वाली सब्जियों में कार्बोहाइड्रेट और कैलोरी कम होता है। हरी सब्जियां में फाइबर भरपूर होता है। साथ ही ये ब्लड शुगर को भी नियंत्रित करता है। आप मेथी के पत्ते, पालक, गोभी, ब्रोकेली, सहजन का पत्ता, भिंडी इत्यादि का इस्तेमाल कर सकते हैं।
जामुन – जामुन और जामुन के पत्ते दोनों ही डायबिटीज के मरीजों के लिए वरदान समान हैं। जामुन लो ग्लाइसेमिक इंडेक्स फूड है। जामुन में एंटी ऑक्सीडेंट भरपूर मात्रा में पाया जाता है। शूगर के मरीजों में ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस बहुत होता है। जामुन इस स्ट्रेस को कम करने में मदद करता है।
साबुत अनाज – साबुत अनाज यानी होल ग्रेन वाले फूड। रिफाइन ग्रेन की तुलना में होल ग्रेन वाले फूड ब्लड शुगर के मरीजों के लिए फायेदमंद हैं। साबुत अनाज लो ग्लाइसेमिक इंडेक्स होता हैं। आप ब्राउन राइस, रागी, जौ, बाजरा इत्यादि खा सकते हैं।
प्रोटीन – डायबिटीज मरीजों को अपनी प्लेट में कार्बोहाइड्रेड कम और प्रोटीन अधिक रखना चाहिए। प्रोटीन के अधिक सेवन से वजन और कोलेस्ट्रॉल भी तेजी से कम होता है। आप अंडा, चिकन, मछली इत्यादि ले सकते हैं। या फिर बीन्स, चना, मूंगफली, दाल, राजमा का सेवन भी कर सकते हैं।