Blood Sugar: जिन लोगों को हाई ब्लड शुगर यानी डायबिटीज की शिकायत होती है, उनके लिए सही नाश्ता बहुत मायने रखता है। दिन भर आपका ब्लड शुगर का स्तर कैसा रहेगा, ये बहुत हद तक आपके नाश्ते पर भी निर्भर करता है। हाई ब्लड शुगर वाले लोग अपने नाश्ते में अगर अधिक कार्बोहाइड्रेट्स लेते हैं तो ये उनके लिए बेहद नुकसानदेह होगा। ऐसे में उन्हें अपने नाश्ते में अधिक से अधिक प्रोटीन, फाइबर और थोड़ी मात्रा में हेल्दी फैट लेना चाहिए। ब्लड शुगर कम करने के लिए नाश्ते के ये टिप्स कारगर साबित हो सकते हैं।

खाली पेट लें दालचीनी का पानी- दालचीनी को ब्लड शुगर कम करने में कारगार माना जाता है। यह हमारे ब्लड शुगर लेवल को कम करता है। इसके लिए आप रात को एक गिलास पानी में एक इंच दालचीनी के टुकड़े को डाल कर सुबह तक के लिए छोड़ दें। सुबह उस पानी को खाली पेट पी लें। इसके कुछ समय बाद ही नाश्ता करें।

अंडा- डायबिटीज से ग्रस्त लोगों के लिए अंडा सबसे बेहतर नाश्ता माना जाता है। एक अंडे में लगभग 70 कैलोरी होता है और 6 ग्राम प्रोटीन होता है। अंडे में 1 ग्राम से भी कम कार्बोहायड्रेट होता है। टाइप 2 डायबिटीज को लेकर किए गए एक शोध में देखा गया था कि जिन लोगों ने अंडे का सेवन किया उनका ब्लड शुगर लेवल लंबे अरसे तक कम रहा।

अखरोट और बादाम- नाश्ते में आप अखरोट को भी शामिल करें। रोजाना सुबह तीन से चार अखरोट खाएं। बादाम को अगर आप रात भर भिगोने के बाद सुबह खाते हैं तो ये ज्यादा फायदेमंद साबित होगा। हर सुबह करीब 7 भीगे हुए बादाम का सेवन करें। ड्राई फ्रूट्स का सेवन करते वक़्त ये ध्यान रखें कि इनकी मात्रा ज्यादा न हो।

दही के साथ चेरी- दही प्रोबायोटिक्स होती है जो शुगर को तोड़ने का काम करती है। कई अध्ययनों में भी देखा गया है कि दही के सेवन से ब्लड शुगर का स्तर कम होता है। दही के साथ अगर आप चेरी खाते हैं तो इसके फायदे बढ़ जाते हैं।

नाश्ते के बाद हल्का व्यायाम- सुबह के नाश्ते के बाद हाई ब्लड शुगर से ग्रस्त लोगों के लिए व्यायाम बहुत जरूरी हो जाता है। इसलिए नाश्ते के 20 मिनट बाद आधे घंटे तक हल्का व्यायाम करें। टहलना, जॉगिंग जैसे व्यायाम नियमित रूप से करें।