आजकल खानपान और लाइफस्टाइल में बदलाव होने के कारण कई स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं हो रही हैं, जिसमें ब्लड प्रेशर और शुगर के साथ-साथ गुर्दे यानी किडनी की पथरी भी बहुत ही आम समस्या हो गई है। पथरी की समस्या होने पर पेट में अचानक भयंकर दर्द होता है, जो बिल्कुल प्राण लेने जैसा होता है। इसके शरीर के अन्य अंग भी प्रभावित हो सकते हैं।

दरअसल, किडनी शरीर का सबसे महत्वपूर्ण अंग में से एक है। किडनी शरीर से अपशिष्ट यानी टॉक्सिन को बाहर निकालने का काम करती है, लेकिन कुछ खनिज शरीर में बार-बार जमा हो जाएं तो वे पथरी में बदल सकते हैं। इन्हें सही समय पर पहचानना और उचित सावधानियां बरतना बहुत जरूरी है। फैट टू स्लिम की डायरेक्टर और न्यूट्रिशनिस्ट एंड डाइटीशियन शिखा अग्रवाल शर्मा ने बताया कि किडनी की पथरी से परेशान लोगों को किन चीजों से दूरी बनानी चाहिए और कैसे बचाव करना चाहिए।

पथरी के लक्षण

पथरी होने पर शरीर में कई तरह के लक्षण दिखाई देते हैं, जिनका समय पर ध्यान देना बहुत ही आवश्यक है। गुर्दे में पथरी बन जाए तो पेट में तेज दर्द होता है। कभी-कभी यह दर्द पीठ तक फैल सकता है। पेशाब के दौरान जलन महसूस होना, लाल या गुलाबी रंग का पेशाब भी इस समस्या का संकेत हो सकता है। इसके अलावा बार-बार पेशाब आना, उल्टी, मतली और बुखार जैसे लक्षण हो सकते हैं।

पथरी का इलाज क्या है?

गुर्दे की पथरी से पीड़ित लोग कुछ चीजों को खाकर इस समस्या को कम कर सकते हैं। तुलसी के पत्ते शरीर में यूरिक एसिड के स्तर को कंट्रोल करने में मदद करते हैं। इसके सेवन से पथरी की समस्या को कम किया जा सकता है। प्रतिदिन कम से कम 10-12 गिलास पानी पीने से गुर्दे की पथरी को प्राकृतिक रूप से बाहर निकाला जा सकता है। नींबू का रस भी गुर्दे की पथरी को घोलने में उपयोगी है। इसमें मौजूद साइट्रिक एसिड मूत्र में कैल्शियम के संचय को कम करता है और पथरी के निर्माण को रोकता है।

पथरी के मरीज इन चीजों से रहें दूर

पथरी की समस्या से पीड़ित लोगों को खानपान का खास ध्यान रखना पड़ता है, क्योंकि कुछ भी खाने से पथरी बढ़ सकती है या फिर बार-बार पेट में दर्द हो सकता है। ऐसे में कुछ फूड्स से पूरी तरह परहेज करना चाहिए। अधिक मांस खाने से गुर्दे की पथरी का खतरा बढ़ सकता है।

इसके अलावा कोल्ड ड्रिंक पीने से शरीर में फॉस्फोरिक एसिड बढ़ सकता है, जिससे पथरी की समस्या और गंभीर हो सकती है। ज्यादा नमक के सेवन से गुर्दों पर गंभीर प्रभाव पड़ता है। ज्यादा सोडियम सेवन से गुर्दे में खनिजों का संचय हो सकता है और पथरी बनने का खतरा बढ़ सकता है। पालक, आलूबुखारा, सूखे मेवे और चाय आदि में ऑक्सलेट की मात्रा अधिक होती है, जो तेजी से पथरी बनने का कारण बन सकते हैं। गुर्दे के स्वास्थ्य को बनाए रखने के लिए उचित आहार संबंधी आदतों का पालन करना और डेली ज्यादा पानी पीना अच्छा रहेगा।

इसके अलावा खाने के बाद इन 2 चीजों को तुरंत चबा लीजिए, पाचन तंत्र करने लगेगा तेजी से काम, सुबह उठते ही पेट की हो जाएगी सफाई।