फलों का सेवन स्वास्थ्य के लिए बहुत ही लाभकारी होता है। अनार अकेले ही कई बीमारियों से लड़ने और सेहत सुधारने में कारगर है, लेकिन जब इसे कुछ चीजों के साथ खाया जाए, तो इसके फायदे कई गुना बढ़ जाते हैं। अनार न सिर्फ स्वादिष्ट होता है, बल्कि सेहत और सुंदरता दोनों के लिए फायदेमंद भी है। न्यूट्रिशनिस्ट साक्षी सिंह ने अनार खाने के फायदे बताए हैं। इसके साथ ही अनार को किन चीजों के साथ खाना और ज्यादा लाभकारी हो सकता है।

अनार के फायदे

अनार एक ऐसा फल है, जो शरीर के अंग-अंग को फायदा पहुंचाने में मदद करता है। इसका सेवन करने से शरीर को आयरन, विटामिन C, पोटैशियम और एंटीऑक्सीडेंट भरपूर मात्रा में मिलते हैं, जो ब्लड को प्यूरीफाई करते हैं और त्वचा को नेचुरल ग्लो देते हैं। न्यूट्रिशन एक्सपर्ट के मुताबिक, अनार का सही कॉम्बिनेशन करने से इसके फायदे दो गुना बढ़ जाते हैं। अनार के साथ दही, शहद, पालक, ओट्स और बादाम का सेवन करने से शरीर को न सिर्फ ताकत मिलती है, बल्कि पाचन तंत्र, इम्यूनिटी, त्वचा और दिमाग सभी को जबरदस्त फायदा होता है।

अनार और दही

अनार और दही का सेवन पाचन के लिए लाभकारी हो सकता है। पाचन तंत्र के लिए ये कॉम्बिनेशन बेस्ट माना जाता है। अनार को दही में मिलाकर खाना बेहद फायदेमंद होता है। यह पाचन को दुरुस्त करता है और कब्ज, गैस जैसी समस्याओं से राहत देता है। इसमें मौजूद प्रोबायोटिक्स और एंटीऑक्सीडेंट्स आंतों की सेहत को बेहतर बनाते हैं।

अनार और शहद

अनार और शहद का सेवन इम्यूनिटी के लिए बेहतर होता है। अनार के दानों को शहद के साथ खाने से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता यानी इम्यूनिटी बढ़ती है। यह कॉम्बिनेशन शरीर को एनर्जी देता है और थकान को दूर करता है। इससे सर्दी-जुकाम से बचाव और यह त्वचा की नमी बनाए रखने में भी यह मदद करता है।

अनार और पालक

जिन लोगों को खून की कमी है, उन लोगों के लिए अनार और पालक लाभकारी हो सकता है। खून की कमी दूर करने के लिए यह कॉम्बिनेशन बहुत फायदेमंद है। पालक आयरन का अच्छा स्रोत है और अनार विटामिन C से भरपूर होता है। दोनों को साथ खाने से आयरन का अवशोषण बढ़ जाता है और एनीमिया की समस्या दूर होती है।

अनार और ओट्स

वजन घटाने के लिए अनार और ओट्स बहुत असरदार है। नाश्ते में ओट्स के साथ अनार खाने से लंबे समय तक पेट भरा रहता है। इसमें मौजूद फाइबर मेटाबॉलिज्म को बढ़ाता है और वेट लॉस में मदद करता है। इन दोनों को खाने से शरीर हेल्दी और एनर्जी से भरपूर रहता है।

अनार और बादाम

अनार और बादाम दोनों ही सेहत के लिए फायदेमंद हैं। बादाम में ओमेगा-3 फैटी एसिड और अनार के एंटीऑक्सीडेंट्स भरपूर मात्रा में होते हैं। ये दोनों मिलाकर त्वचा को जवां और चमकदार बनाते हैं। इन दोनों के सेवन से दिमाग तेज होता है और मेमोरी पावर भी बढ़ाती है।

वहीं, एम्स के पूर्व कंसल्टेंट और साओल हार्ट सेंटर के फाउंडर एंड डायरेक्टर डॉ. बिमल झाजर ने बताया अगर आपका कोलेस्ट्रॉल हाई है तो आप एनिमल फूड्स का सेवन करने से परहेज करें।