Winter Fruits: सर्दियों के मौसम में अपने आप को हेल्दी और फिट रखना बहुत चुनौतीपूर्ण रहता है, क्योंकि इस मौसम में खानपान में बदलाव के साथ फिजिकल एक्टिविटी भी कम हो जाता है, जिससे इम्यूनिटी कमजोर हो सकती है। ऐसे में बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। सर्दियों के मौसम में विटामिन, एंटीऑक्सीडेंट और फाइबर से भरपूर फलों का सेवन करने से न सिर्फ इम्यूनिटी बूस्ट होगी, बल्कि कई बीमारियों से बचाव भी होगा। इन फलों के सेवन से शरीर को एनर्जी मिलती है और दिल की हेल्थ, पाचन में सुधार और ब्लड प्रेशर भी कंट्रोल में रहता है। हेल्थ एक्सपर्ट्स से जानिए इन फलों के फायदे…

फलों का सेवन हमेशा के ही स्वास्थ्य के लिए अच्छा होता है, लेकिन खासतौर पर सर्दियों में शरीर को विटामिन की आवश्यकता पड़ती है, क्योंकि इस मौसम में बैक्टीरिया और वायरस का खतरा अधिक रहता है। सर्दियों के मौसम में अमरूद, कीवी, संतरा, अनार और सेब का सेवन करने से शरीर को विटामिन सी के साथ कई पोषक तत्व भरपूर मात्रा में मिलेंगे। इन फलों में एंटीऑक्सीडेंट, विटामिन और खनिजों सहित पोषक तत्वों का खजाना होता है।

सर्दियों में इन फलों का करें सेवन

  • अमरूद
  • कीवी
  • संतरा
  • अनार
  • सेब

अमरूद

सर्दियों के मौसम में आने वाला अमरूद सेहत के लिए बहुत ही फायदेमंद होता है। यह विटामिन ए, सी और ई से भरपूर होता है। इसके अलावा अमरूद में फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट हाई मात्रा में होता है। डाइटिशियन शिखा कुमारी ने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर कर अमरूद के फायदे बताए हैं। उन्होंने बताया कि अमरूद में पानी की मात्रा अधिक होती है। इसमें चीनी और स्टार्च कम होता है। इसके साथ ही अमरूद में पोटैशियम और लाइकोपीन होते हैं, जो खराब कोलेस्ट्रॉल (LDL) को कम करते हैं और अच्छे कोलेस्ट्रॉल (HDL) को बढ़ाते हैं। अमरूद इम्यूनिटी और पाचन प्रक्रिया को बढ़ावा देने में मदद करता है।

अमरूद खाने से स्वास्थ्य को लाभ

  • दिल के लिए लाभकारी
  • पाचन बेहतर होगा
  • आंखों की रोशनी बढ़ेगी
  • वजन कम
  • शुगर कंट्रोल

कीवी

कीवी में विटामिन ए, सी और ई भरपूर मात्रा में होते हैं और इनमें पोटैशियम की मात्रा भी अधिक होती है, जो हार्ट हेल्थ को बेहतर बनाने में मदद करते हैं। कीवी में फाइबर और विटामिन के भी होता है, जो हड्डियों के स्वास्थ्य और रक्त के थक्कों को कंट्रोल करने में मदद करता है। एम्स के पूर्व कंसल्टेंट और साओल हार्ट सेंटर के फाउंडर एंड डायरेक्टर डॉ. बिमल झांजेर के मुताबिक, कीवी का सेवन दिल के मरीजों के लिए बेहद फायदेमंद है। इसमें पोटैशियम मौजूद होता है, जो दिल से संबंधित समस्याओं का उपचार करता है। इसके साथ ही फाइबर और विटामिन सी भरपूर मौजूद होता है जो धमनियों को मजबूत बनाता है।

जनवरी, 2023 में द जर्नल ऑफ गैस्ट्रोएंटरोलॉजी में प्रकाशित एक नए अध्ययन के मुताबिक, दिन में दो कीवी गैस्ट्रो की परेशानी को दूर कर सकती है। रिसर्च के मुताबिक ये फल कब्ज वाले लोगों के लिए बेहद बेहतरीन फल है। इसके सेवन से पाचन तंत्र भी अच्छा होता है।

संतरा

संतरा या कोई भी अन्य खट्टा फल स्वास्थ्य के लिए अच्छा होता है, क्योंकि वे विटामिन सी से भरपूर होते हैं। यह त्वचा के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में मदद करता है और शरीर में शुष्क त्वचा के पैच को भी ठीक करता है। खट्टे फल का सेवन करने से संक्रमण का खतरा भी कम होता है। इंद्रप्रस्थ अपोलो हॉस्पिटल,नई दिल्ली में सीनियर कंसल्टेंट और इंटरनल मेडिसिन में डॉ. राकेश गुप्ता ने बताया कि संतरा विटामिन सी रिच फ्रूट है जो इम्यूनिटी को मजबूत करता है। संतरे में प्रोटीन, कार्बोहाइड्रेट्स, फैट, चीनी, विटामिन C, विटामिन A, फोलेट, पोटैशियम, मैग्नीशियम, कैल्शियम और फास्फोरस मौजूद होता है। संतरा इम्यूनिटी को स्ट्रांग करता है, ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करता है और संतरे में फ्लेवोनॉयड्स होते हैं, जो पाचन से जुड़ी समस्या एसिडिटी और गैस को कंट्रोल करते हैं।

अनार

अनार एंटीऑक्सीडेंट, फाइबर और विटामिन के से भरपूर होते हैं, जो हृदय स्वास्थ्य को बढ़ावा देने में मदद करते हैं। ये खून के लिए पोषक तत्वों का एक अच्छा स्रोत भी है। इसके सेवन से सूजन को कम करने में मदद मिलती है और कोशिकाओं को नुकसान से बचाता है। अनार के बीज मेटाबॉलिज्म को बूस्ट करते हैं, भूख को कंट्रोल करते हैं फैट को बर्न करने में मदद करते हैं। अनार में कैलोरी की मात्रा कम होती है। अनार के बीज विटामिन, खनिज और फाइबर से भरपूर होते है, जो बॉडी को एनर्जी देते हैं।

सेब

सेब में फाइबर, विटामिन सी और एंटीऑक्सीडेंट भरपूर मात्रा में होते हैं। सेब पेट की हेल्थ के साथ ही शरीर में ब्लड शुगर के लेवल को बनाए रखता है। सेब सर्दियों के लिए एक अच्छा फल माना जाता है, क्योंकि यह फल पाचन में भी मदद करता है, इम्यूनिटी को बढ़ाता है और कोलेस्ट्रॉल को कम करता है। इसके अलावा रोज खाली पेट सेब खाने से हड्डियां भी मजबूत होती है, क्योंकि सेब में कैल्शियम पाया जाता है और हड्डियों के लिए कैल्शियम बहुत ही लाभकारी होता है।

सेब के स्वास्थ्य लाभ

  • सेब कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल करने में मदद करता है।
  • ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करता है।
  • सेब में मौजूद प्रीबायोटिक आंतों में अच्छे बैक्टीरिया को बढ़ाते हैं।
  • आंखों की रोशनी के लिए फायदेमंद होता है।
  • हड्डियों की मजबूती के लिए लाभकारी।

महिलाओं के अंदर शारीरिक बदलाव, उम्र के अलग-अलग पड़ाव का असर पुरुषों के मुकाबले ज्यादा पड़ता है। ऐसे में महिलाओं को अपनी उम्र के अनुसार सही डाइट प्लान को फॉलो करना चाहिए