कोलेस्ट्रॉल शरीर के लिए बहुत आवश्यक तत्व है। यह शरीर की हर कोशिका के लिए जरूरी है और कई महत्वपूर्ण कार्यों में शामिल होता है, जैसे कि हार्मोन और विटामिन डी का उत्पादन आदि। हालांकि, शरीर में कोलेस्ट्रॉल का लेवल सही होना भी बहुत जरूरी है, क्योंकि शरीर में कोलेस्ट्रॉल का लेवल हाई होने पर सीधा असर दिल पर पड़ता है। इससे हार्ट अटैक और स्ट्रोक का खतरा अधिक बढ़ जाता है। दरअसल, शरीर में कोलेस्ट्रॉल दो तरह के होते हैं बैड और गुड कोलेस्ट्रॉल। अगर, शरीर में बैड कोलेस्ट्रॉल बढ़ने लगे तो नसों में ब्लॉकेज बढ़ने लगता है। इसके चलते हाई बीपी की बीमारी हो सकती है। हालांकि, कोलेस्ट्रॉल को खानपान के साथ-साथ कुछ चीजों का ध्यान रखते हुए कंट्रोल किया जा सकता है। डाइटिशियन और न्यूट्रिशनिस्ट दिव्या गांधी ने बताया कि कोलेस्ट्रॉल लेवल कंट्रोल करने के लिए दही के फायदे क्या हैं?
 
न्यूट्रिशनिस्ट दिव्या गांधी के मुताबिक, हाई कोलेस्ट्रॉल की बीमारी इन दिनों तेजी से बढ़ रही है। ऐसी स्थिति में धमनियों में फैट जमा होने लगता है, जो ब्लड सर्कुलेशन पर असर डालता है। शरीर में कोलेस्ट्रॉल हाई होने पर बीपी की समस्या होती है और फिर धीरे-धीरे दिल की हेल्थ खराब होने लगती है। ऐसे में लाइफस्टाइल में अच्छे फूड आइटम को शामिल करना चाहिए, जो कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल करने का काम करते हैं।

दही के फायदे और पोषक तत्व

दही एक पौष्टिक और स्वास्थ्यवर्धक खाद्य पदार्थ है, जिसके कई फायदे हैं। यह पाचन में सुधार करता है, हड्डियों को मजबूत बनाता है, और प्रतिरक्षा प्रणाली को बढ़ाता है। दही में प्रोटीन, कैल्शियम, विटामिन और प्रोबायोटिक्स जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं। दही में पाए जाने वाले प्रोबायोटिक बैक्टीरिया जैसे लैक्टोबैसिलस पाचन क्रिया को सुधारते हैं और शरीर में खराब कोलेस्ट्रॉल को अवशोषित होने से पहले ही ब्रेक कर देते हैं। नियमित दही के सेवन से नसों में जमा वसा धीरे-धीरे कम होने लगती है और ब्लड फ्लो बेहतर होता है।

गट हेल्थ

पाचन तंत्र मजबूत होने से शरीर में वसा का पाचन बेहतर तरीके से होता है, जिससे LDL कोलेस्ट्रॉल का स्तर नीचे आता है। रिसर्च के अनुसार, प्रोबायोटिक दही का नियमित सेवन ब्लड लिपिड प्रोफाइल को बेहतर करता है। ऐसे आपका पाचन तंत्र अच्छा रहेगा तो कोलेस्ट्रॉल लेवल बढ़ने का खतरा भी कम रहता है।

दिल के लिए फायदेमंद

दही में कैल्शियम, पोटैशियम और मैग्नीशियम जैसे पोषक तत्व होते हैं। नियमित रूप से दही का सेवन करने पर ब्लड प्रेशर संतुलित रहता है और धमनियों को लचीला बनाए रखते हैं। इससे हार्ट अटैक, एथेरोस्क्लेरोसिस और स्ट्रोक का खतरा कम होता है।

त्वचा और बालों के लिए फायदेमंद

दही में मौजूद विटामिन और खनिज त्वचा और बालों के लिए भी फायदेमंद होते हैं। यह त्वचा को चमकदार बनाता है और बालों के विकास में मदद करता है। इसके अलावा दही का सेवन कई अन्य बीमारियों में भी फायदेमंद होता है।

गर्मी में दिन की शुरुआत करें नारियल पानी से, बॉडी रहेगी हाइड्रेट, दिल और किडनी की हेल्थ में होगा सुधार। नारियल पानी के बारे में पूरी जानकारी हासिल करने के लिए लिंक पर क्लिक करें।