कब्ज आज के समय में एक आम और तेजी से बढ़ती समस्या बन गया है। खानपान में गड़बड़ी के कारण आज हर उम्र के लोग पेट साफ न होने से परेशान हैं। दरअसल, समय की कमी और दिन का ज्यादातर समय घर से बाहर बिताने के चलते लोग बाजार में मिलने वाला अनहेल्दी खाना ज्यादा खाने लगे हैं, जिसका सीधा असर पाचन क्रिया पर पड़ता है। ऐसा खाना जल्दी पच नहीं पाता है जिसके चलते लोगों को कब्ज की परेशानी घेर लेती है।
इससे पीड़ित को ना केवल हर समय पेट में दर्द, ऐंठन, उल्टी, मतली जैसी समस्याओं से जूझना पड़ता हैं, बल्कि लंबे समय पर कब्ज बवासीर, भगंदर, अल्सर और फिशर समेत कई गंभीर बीमारियां भी पैदा कर सकता है। ऐसे में समय रहते कब्ज से छुटकारा पाना बेहद जरूरी हो जाता है।
वहीं, वैसे तो बाजार में कब्ज से राहत पाने के लिए तमाम तरह की दवाएं उपलब्ध हैं। इनसे अलग पेट साफ रखने के लिए अक्सर बड़े-बुजुर्ग फलों को आहार का हिस्सा बनाने की सलाह देते हैं। हालांकि, यहां भी केले के सेवन को लेकर अक्सर संशय बना रहता है। माना जाता है कि पेट से जुड़ी परेशानी में केले का सेवन हानिकारक हो सकता है, लेकिन क्या वाकई ऐसा है? आइए जानते हैं हेल्थ एक्सपर्ट से-
क्या कब्ज से पीड़ित लोग केला खा सकते हैं?
इसे लेकर यशोदा हॉस्पिटल, हैदराबाद के वरिष्ठ सलाहकार चिकित्सक डॉ. दिलीप गुडे बताते हैं कि अपने आहार में फलों को शामिल करना कब्ज से निपटने का एक प्रभावी और प्राकृतिक तरीका हो सकता है। वहीं, इन फलों में भी केले का सेवन बेहद फायदेमंद है। केला पेट से जुड़ी परेशानियों को बढ़ा सकता है, ये धारणा पूरी तरह गलत है, उल्टा केले का सेवन कब्ज का प्रभावी उपचार साबित हो सकता है।
कैसे है फायदेमंद?
केले में प्रीबायोटिक फाइबर होता है जो लाभकारी आंत बैक्टीरिया के विकास को बढ़ावा देता है। ये बैक्टीरिया पाचन तंत्र को स्वस्थ बनाए रखने में भूमिका निभाते हैं, जिससे मल त्यागने में आसानी होती है और आपको कब्ज से राहत मिल सकती है।
इसके अलावा केले पोटेशियम का भी एक समृद्ध स्रोत हैं, जो इलेक्ट्रोलाइट संतुलन बनाए रखने में मदद कर सकते हैं। डॉ. गुडे के मुताबिक, पोटेशियम से भरपूर फलों का पर्याप्त सेवन आंत्र नियमितता (Bowel Regularity) में मदद करता है, जिससे भी कब्ज से राहत मिलती है।
इन सब से अलग साल 2011 में एनारोब जर्नल में प्रकाशित एक शोध के नतीजों में भी पाया गया कि जिन लोगों ने रोजाना केले का सेवन किया, उनकी आंत में बिफीडोबैक्टीरिया और लैक्टोबैसिली (Lactobacillus) जैसे लाभकारी बैक्टीरिया बढ़ने लगे थे। इससे मल में सुधार देखा गया और पाचन क्रिया भी बेहतर हो गई थी। ऐसे में अगर घंटों टॉयलेट में बिताने के बाद भी आपका पेट साफ नहीं हो पाता है और आप कब्ज से परेशान रहते हैं, तो अपनी डाइट में केले का सेवन बढ़ाना आपके लिए लाभकारी हो सकता है।
Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।