अधिकांश महिलाएं गर्भावस्था के दिनों में सिरदर्द की समस्या से परेशान रहती हैं। कई बार सिरदर्द अधिक नुकसान तो नहीं पहुंचाते हैं लेकिन कभी- कभी हानिकारक साबित हो सकते है। आम तौर पर गर्भावस्था की दूसरी तिमाही में सिरदर्द की समस्या शुरू होती है। उन गर्भवती महिलाओं को सिरदर्द हो सकता है, जिसमें पहले से ही साइनस की समस्या रही हो। साथ ही पर्याप्त नींद नहीं लेने के साथ डिहाइड्रेशन की समस्या हो।
स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉक्टर प्रणाली अहाले ने जनसत्ता डॉट कॉम से बात करते हुए बताया कि गर्भावस्था के दौरान महिला के शरीर में कई बड़े परिवर्तन होते हैं जो अलग- अलग लक्षण पैदा कर सकते हैं और सिरदर्द इसमें सबसे आम समस्या है। उन्होंने बताया कि 30-40% महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान या बाद में सिरदर्द की शिकायत होती है। इस दौरान कई महिलाएं प्रीएक्लेम्प्सिया (Preeclampsia) की समस्या से ग्रस्त हो जाती है। इसमें ब्लड प्रेशर बहुत अधिक (High Blood Pressure) हो जाता है। लेकिन यदि प्रेग्नेंसी के दौरान ब्लड प्रेशर बढ़ता है तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए, अक्सर यह गर्भावस्था के 20 सप्ताह बाद होता है। ऐसे में सिरदर्द ना जाए, तो डॉक्टर से जरूर बताना चाहिए।
क्यों होता है सिरदर्द: डॉक्टर प्रणाली के अनुसार बार-बार उल्टी करने से शरीर में पानी की कमी हो सकती है, ऐसे में डिहाइड्रेशन के कारण भी सिरदर्द होने लगता है। इसके अलावा हाइपर टेंशन, हाई ब्लड प्रेशर, नींद की कमी के कारण भी सिरदर्द हो सकता है। गर्भावस्था के दौरान शरीर में कई तरह के हॉर्मोनल बदलाव होते हैं। ये भी सिरदर्द को ट्रिगर कर सकते हैं।
माइग्रेन की समस्या है, तो ज्यादा सावधानी बरतें। चैन से सोने के लिए आप मोबाइल, टीवी, टैब आदि से दूरी बनाएं। लाइट संगीत सुनें, जो कानों और दिमाग को सुकून दे। वजन बढ़ने, शारीरिक बदलावों के कारण भी सिरदर्द होने लगता है। सिरदर्द किसी भी कारण से हो, एक बार अअपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें। इसके अलावा यदि आपको सिरदर्द होता है, तो आप तरल पदार्थ का सेवन अधिक करें। यदि डिहाइड्रेशन के कारण आपको सिरदर्द की समस्या हो रही है, तो शरीर में पानी की कमी ना होने दें। प्रतिदिन 2-3 लीटर पानी जरूर पिएं।
बाबा रामदेव का सुझाव: बाबा रामदेव के मुताबिक सिरदर्द को कम और काफी हद तक खत्म किया जा सकता है। अनुलोम विलोम और भ्रामरी योगासन करने से मन को शांति मिलती है। इस प्राणायाम को नियमित रूप से करने पर माइग्रेन की दिक्कत दूर हो जाती है। स्वामी रामदेव के अनुसार कुछ घरेलू उपाय भी किए जा सकते हैं। जैसे, मेधावटी 2-2 गोली सुबह शाम ले सकते हैं, एक चम्मच बादाम रोगन दूध में डालकर सुबह पिएं साथ ही बादाम अखरोट को भिगोकर भी सेवन कर सकते हैं।
