Diabetes Patients Diet Tips: मधुमेह अथवा डायबिटीज से पीड़ित मरीजों के डाइट का असर उनके बीमारी पर बहुत ज़्यादा होता है। उन्हें खान – पान को लेकर सबसे ज़्यादा सतर्क रहने की जरूरत होती है। मधुमेह को नियंत्रित करने के लिए डॉक्टर्स आपको क्या खाएं क्या न खाएं इसकी सलाह देते हैं। जिन खाद्य पदार्थों में ग्लाइसेमिक इंडेक्स अधिक होता है, मधुमेह रोगियों को उनके सेवन से बचना चाहिए। इन्हें खाने से रक्त में शुगर अथवा ग्लूकोज की मात्रा अधिक हो जाती है। ऐसे में आइए जानते हैं उन 4 खाद्य पदार्थों के बारे में जिन्हें खाने से बढ़ सकता है आपका ब्लड शुगर का स्तर –
अंगूर – डॉक्टर्स आपको मधुमेह में अधिक शर्करा वाले फलों के सेवन से परहेज करने की सलाह देते हैं। अंगूर भी उन्हीं में से एक है। एक अंगूर में 0.4 ग्राम शुगर होता है यानि 100 ग्राम अंगूर में लगभग 16 ग्राम शुगर होता है। इतना शूगर मरीज के लिए नुकसानदेह होता है।
आम – आम खाने से खुद को रोक पाना बहुत मुश्किल होता है लेकिन मधुमेह रोगियों के लिए इसे खाना नुकसानदेह होता है। आम अधिक शर्करायुक्त फल है। पका हुआ आम मधुमेह के रोगियों के लिए ख़तरनाक साबित होता है। जबकि मरीज को कच्चा आम नुक़सान नहीं पहुंचाता। एक आम में लगभग 46 ग्राम शर्करा होता है, जो मधुमेह के रोगियों का शुगर लेवल अचानक से बढ़ा सकता है।
किशमिश – अंगूर की तरह ही इसके कॉन्सेंट्रेटेड फॉर्म किशमिश को भी मधुमेह रोगियों को खाने की सलाह नहीं दी जाती है। बल्कि यह अंगूर से भी ज़्यादा शर्करायुक्त होता है। एक कप अंगूर में जहां 27 ग्राम कार्बोहाइड्रेट होता है, वहीं एक कप किशमिश में यह बढ़कर 115 ग्राम के लगभग हो जाता है। इसका सेवन मधुमेह रोगियों को नहीं करना चाहिए, वरना ब्लड शुगर लेवल बहुत बढ़ जाता है।
आलू – आलू के बिना हमारी सब्जियां अधूरी मानी जाती हैं। कई लोग तो सिर्फ आलू ही खाते हैं, और सब्जियां उन्हें नहीं भाती। यह विटामिन्स और मिनरल्स का भी अच्छा स्रोत है लेकिन डायबिटीज में इसके सेवन की सलाह नहीं दी जाती। यह उच्च कार्बोहाइड्रेट युक्त होता है और इसमें ग्लाइसेमिक इंडेक्स की मात्रा भी ज़्यादा होती है, इस कारण मधुमेह में इसके सेवन पर मनाही होती है।