लहसुन औषधीय गुणों से भरपूर एक हर्ब और मसाला है जिसका सेवन सदियों से दवा के रूप में और खाना पकाने में होता है। लहसुन में ऐसे गुण मौजूद है जो कई क्रॉनिक बीमारियों जैसे हाई बीपी और डायबिटीज को कंट्रोल कर सकते हैं। लहसुन का सेवन करने से सर्दी- जुकाम, खांसी, बुखार, गले की सूजन, वायरल और बैक्टीरियल इंफेक्शन से बचाव होता है। लहसुन के गुणों की वजह से इस मसाले की डिमांड लगभग पूरे साल रहती है। बरसात के मौसम में लहसुन की पैदावार कम होने से उसके दाम बढ़ गए हैं।

बाजार में बढ़ती लहसुन की डिमांड को देखते हुए तस्करों ने भारत की मंडियों में चाइनीज लहसुन को उतार दिया है जिसकी कीमत भारतीय लहसुन की कीमत से लगभग आधी है। चाइनीज लहसुन लगभग 100 से डेढ़ सौ रूपये किलो मिल रहा है जबकि भारतीय लहसुन की कीमत 250 से 300 रुपये किलो है।

अब सवाल ये उठता का कि क्या सस्ता चाइनीज लहसुन भारतीय लहसुन की तरह औषधीय गुणों से भरपूर है। आइए चाइनीज लहसुन के बारे में अधिक जानकारी हासिल करते हैं और जानते हैं कि वो भारतीय लहसुन से कैसे अलग है।

चाइनीज लहसुन भारतीय लहसुन से कैसे अलग है?

ज़िनोवा शाल्बी हॉस्पिटल की आहार विशेषज्ञ जीनल पटेल ने बताया कि लहसुन एक जादुई मसाला है जिसका सेवन खाने का स्वाद बढ़ाने में आमतौर पर किया जाता है। लहसुन को एलियम सैटिवम के नाम से भी जाना जाता है जिसे पूरे देश में उगाया जाता है। आजकल बाजारों में भारतीय लहसुन के साथ ही चाइनीज लहसुन भी मौजूद है। लोगों के लिए दोनों तरह के लहसुन के बीच अंतर करना थोड़ा मुश्किल होता है। एक्सपर्ट ने बताया कि चीनी लहसुन हल्का सफेद और गुलाबी रंग का होता है और आकार में छोटा होता है। जबकि भारतीय लहसुन में तेज़ और तीखी गंध होती है। चाइनीज लहसुन में हल्की सुगंध होती है जो उसे भारतीय लहसुन से जुदा करती है।

चाइनीज लहसुन का सेहत पर कैसा होता है असर?

एक्सपर्ट के मुताबिक भारतीय लहसुन की खेती बहुत कम रसायनों का इस्तेमाल करके की जाती है इसलिए ये खाने में सुरक्षित है। जबकि चाइनीज लहसुन की पैदावार आधुनिक कृषि तकनीक को अपनाकर की जाती है। इस लहसुन की खेती में रसायनों और कीटनाशकों का बहुत ज्यादा इस्तेमाल होता है। बीमारियों का इलाज करने के लिए और उसके फायदे लेने के लिए अगर आप लहसुन का सेवन कर रहे हैं तो चाइनीज लहसुन बिल्कुल भी सुरक्षित नहीं है। चीनी लहसुन में सिंथेटिक पदार्थ भी होते हैं जो खतरनाक हो सकते हैं। एक्सपर्ट के मुताबिक चीन से आए हुए लहसुन में फंगस है जो बॉडी को संक्रमित कर सकता है। इसका सेवन करने से पेट में सूजन और गैस्ट्राइटिस जैसी परेशानी हो सकती है।

भारतीय लहसुन की 2 कलियां कैसे सेहत को रखती हैं दुरुस्त

  • रोजाना भारतीय लहसुन की दो कलियों का अगर सेवन किया जाए तो आसानी से तीन बीमारियों जैसे कोलेस्ट्रॉल, हाई बीपी और शुगर की बीमारी को कंट्रोल किया जा सकता है।
  • लहसुन का सेवन करने से इम्युनिटी इंप्रूव होती है और बॉडी का बीमारियों से बचाव होता है।
  • यूएस नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन में प्रकाशित एक रिसर्च के मुताबिक रोजाना लहसुन की एक कली खाने से सर्दी- जुकाम का खतरा कम होता है।
  • बॉडी की गंदगी को साफ करने में लहसुन का सेवन बेहद उपयोगी है। लहसुन में सल्फर यौगिक मौजूद होता जो बॉडी से टॉक्सिन को बाहर निकालने में भी मदद करता है।