चेरी सबसे पसंदीदा फलों में से एक है। देखने में छोटा, खाने में मीठा सुर्ख रंग का ये फल सेहत के लिए बहुत उपयोगी होता है। चेरी की गिनती रोमांटिक फलों में की जाती है। इस छोटी सी चेरी में बेशुमार पोषक तत्व मौजूद होते हैं। इसमें थाईमिन, राइबोफ्लेविन, विटामिन बी, विटामिन ए, विटामिन सी, विटामिन के, विटामिन ई, विटामिन बी 6, पैटोथेनिक एसिड, नियासिन, फोलेट, पोटेशियम, मैग्नीज, कॉपर, आयरन, कैल्शियम और फॉस्फोरस मौजूद होता हैं, जो बॉडी को हेल्दी रखता है।

एंटी-इंफ्लेमेटरी गुणों से भरपूर चेरी इम्युनिटी को स्ट्रॉन्ग बनाती है और दिल को हेल्दी रखती है। पोषण विशेषज्ञ लवनीत बत्रा ने चेरी के सेहत को होने वाले फायदों के बारे में बताया है। इस फल का सेवन करने से सेहत को कई तरह के फायदे होते हैं।

पोषण विशेषज्ञ डॉ रचना अग्रवाल ने बताया है कि चेरी फाइटोकेमिकल्स से भरपूर होती है। ये एक प्रकार का एंटी-ऑक्सीडेंट है जो खराब कोलेस्ट्रॉल को कम करने में मदद करता है। इसका सेवन करने से कार्डियोवैस्कुलर बीमारियों का खतरा कम होता है। ये ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने में बेहद असरदार साबित होती है। विटामिन सी से भरपूर चेरी इम्युनिटी को संट्रॉन्ग बनाती है और बीमारी से बचाव करती है। इसका सेवन करने से सांस संबंधी बीमारियों का उपचार होता है और ओरल हेल्थ दुरुस्त रहती है। मसल्स पेन से परेशान रहते हैं तो चेरी का सेवन करें।

रात में नींद नहीं आती तो चेरी खाएं। चेरी में मौजूद मेलाटोनिन नामक हार्मोन अच्छी नींद के लिए जिम्मेदार होता है। इसका सेवन करने से मानसिक स्वास्थ्य बेहतर रहता है। आइए जानते हैं कि चेरी का सेवन करने से सेहत को और कौन-कौन से फायदे हो सकते हैं।

कैंसर से लड़ने की क्षमता को बढ़ाता है:

कई रिसर्च के मुताबिक चेरी का सेवन करने से कोलन, प्रोस्टेट, स्तन और ओवरी के कैंसर से बचाव किया जा सकता है। चेरी शरीर की कैंसर कोशिकाओं के विकास से लड़ने की क्षमता में सुधार करती है। इसमें मौजूद फाइबर, विटामिन सी और एंथोसायनिन कैंसर से बचाव करने में उपयोगी है।

स्किन को बेहतर बनाने में मदद कर सकती है:

एंटी-इंफ्लामेटरी गुणों से भरपूर चेरी का सेवन करने से स्किन में निखार आता है। चेरी में एंथोसायनिन, विटामिन ए, सी, ई और पोटेशियम भी मौजूद होता हैं जो स्किन को जवान और खूबसूरत बनाता है। चेरी का सेवन करने से स्किन हाइड्रेट रहती है और स्किन को पर्यावरण से भी कम नुकसान होता है।

मांसपेशियों के दर्द को दूर करती है:

चेरी का सेवन करने से मांसपेशियों का दर्द दूर होता है। एक्सरसाइज के दौरान मांसपेशियों में दर्द और थकान महसूस करते हैं तो चेरी का सेवन करें। चेरी में एंथोसायनिन मौजूद होता है जो मसल्स पेन से राहत दिलाता है। चेरी का सेवन एक्सरसाइज के दौरान होने वाले मसल्स के नुकसान की भरपाई करता है।

ब्रेन पावर को बढ़ाती है:

चेरी का सेवन करने से ब्रेन पावर बढ़ती है। चेरी में मौजूद एंथोसायनिन काम करने की क्षमता में सुधार करता है और याददाश्त को दुरुस्त करता है। अल्जाइमर रोग से बचाव के लिए चेरी का सेवन बेहद उपयोगी है। चेरी में मौजूद पॉलीफेनोल्स हमें नई सूचनाओं को आदान-प्रदान करने में मदद करता है।