हेल्दी और फिट शरीर के लिए खानपान और अच्छा लाइफस्टाइल बहुत ही जरूरी है। हेल्दी शरीर के लिए सब्जियों का सेवन बहुत ही फायदेमंद होता है। सब्जियों के सेवन से स्वास्थ्य को कई फायदे मिलते हैं और कई बीमारियों से बचाव होता है। ऐसी ही एक सब्जी टमाटर है, जिसे न सिर्फ सब्जी, चटनी और सलाद के रूप में खाना पसंद किया जाता है, बल्कि इसका जूस भी सेहत के लिए बहुत ही लाभकारी होता है। आयुर्वेदिक विशेषज्ञ डॉ. किरण गुप्ता ने टमाटर के जूस के फायदे बताए हैं।

डॉ. किरण गुप्ता के मुताबिक, टमाटर में कई पोषक तत्व होते हैं। सुबह खाली पेट टमाटर का जूस पीना सेहत के लिए बहुत फायदेमंद होता है। टमाटर विटामिन सी, पोटैशियम, लाइकोपीन और एंटीऑक्सीडेंट का अच्छा स्रोत है। ये शरीर को डिटॉक्स करने और इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाने में मदद करता है। उन्होंने बताया कि अगर टमाटर का जूस खाली पेट पिया जाए तो यह शरीर में जल्दी अवशोषित हो जाता है। इससे पाचन तंत्र, त्वचा और हार्ट की हेल्थ अच्छी बनी रहती है। इसका नियमित सेवन न केवल आपको एनर्जेटिक बनाए रखता है, बल्कि चयापचय यानी मेटाबॉलिज्म को बेहतर बनाने में भी मदद करता है।

पाचन के लिए लाभकारी

टमाटर का जूस पेट के लिए लाभदायक है, ये पाचन क्रिया को बेहतर बनाता है। टमाटर का जूस फाइबर से भरपूर होता है, जिससे पाचन तंत्र सही तरीके से काम करता है। यह कब्ज, अपच और एसिडिटी की समस्या को दूर करने में मदद करता है।

शुगर कंट्रोल करने में असरदार

शुगर के मरीजों के लिए रोजाना सुबह खाली पेट टमाटर का जूस पीना बहुत फायदेमंद है। टमाटर में ग्लाइसेमिक इंडेक्स (जीआई) कम होता है। इसके साथ ही ये जूस फाइबर, एंटीऑक्सीडेंट और विटामिन सी भरपूर मात्रा में होता है, जो ब्लड शुगर कंट्रोल करने और शरीर को स्वस्थ रखने में मदद करते हैं।

त्वचा चमकदार बनेगी

इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट शरीर में मुक्त कणों से लड़कर उम्र बढ़ने की प्रक्रिया को धीमा करते हैं, जिससे आपकी त्वचा युवा और चमकदार बनी रहती है। टमाटर का जूस त्वचा को क्षति से बचाता है और मुक्त कणों से लड़ता है। इससे झुर्रियां कम होती हैं और त्वचा में चमक आती है। यह त्वचा पर प्राकृतिक मॉइस्चराइजर के रूप में भी काम करता है।

दिल के लिए हेल्दी

टमाटर का जूस ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने और दिल को स्वस्थ रखने में मदद करता है। इसमें पोटैशियम और लाइकोपीन होता है, जो हृदय की मांसपेशियों को मजबूत करता है। खराब कोलेस्ट्रॉल को कम करता है। इससे दिल का दौरा और स्ट्रोक जैसी बीमारियों का खतरा कम हो जाता है।

लिवर और किडनी के लिए फायदेमंद

टमाटर का जूस शरीर से विषाक्त पदार्थों यानी टॉक्सिन को निकालने में मदद करता है, जिससे शरीर स्वस्थ और अधिक सक्रिय रहता है। इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स लिवर और किडनी को स्वस्थ रखते हैं और खून को शुद्ध करने में मदद करते हैं। इससे शरीर एनर्जेटिक महसूस करता है।

इम्यूनिटी बूस्ट

रोज सुबह खाली पेट टमाटर का जूस पीने से रोगों से लड़ने की क्षमता बढ़ती है। इसमें मौजूद विटामिन सी और अन्य पोषक तत्व प्रतिरक्षा प्रणाली यानी इम्यूनिटी को मजबूत करते हैं। इससे मौसमी बीमारी और संक्रमण से बचाव होता है।

मूली के साथ इन 5 फूड्स का सेवन पाचन तंत्र के लिए बनता है ज़हर, इस सफेद सब्जी को कब खाना चाहिए और किस तरह खाना चाहिए पूरी जानकारी के लिए लिंक पर क्लिक करें।