गर्मियां अपने साथ कई खास तरह के फल लेकर आती हैं। लोग साल भर इस मौसम के फलों का बेसब्री से इंतजार करते हैं। हालांकि, गर्मियों के मौसम में फलों का राजा आम सबसे अनोखा होता है, लेकिन बहुत से लोग एक ऐसे फल के बारे में नहीं जानते होंगे जो इस मौसम में सिर्फ 10 से 20 दिन के लिए ही बाजार में आता-जाता है। इस फल का स्वाद खट्टा-मीठा होता है, जो दिल की हेल्थ से लेकर सेहत के लिए बहुत ही फायदेमंद होता है। चलिए आपको बताते हैं कि यह कौन सा फल है और इसके सेवन से क्या फायदे होते हैं?
बल्लभगढ़ सिविल अस्पताल में आयुष मेडिकल पद पर तैनात डॉक्टर योगेंद्र सरदाना के मुताबिक, गर्मियों के मौसम में फालसे फल को खूब पसंद किया जाता है। स्वाद में खट्टा मीठा होने की वजह इसे बच्चे से लेकर बुजुर्ग तक पसंद करते हैं। डॉ. योगेंद्र सरदाना के मुताबिक, फालसे में सोडियम की मात्रा बहुत ज्यादा होती है, जो ब्लडस्ट्रीम में सोडियम, पैटोशियम और क्लोराइड की मात्रा को संतुलित बनाए रखने में मदद करता है। इस प्रकार यह एंजाइम फंक्शन और मांसपेशियों की गतिविधि के लिए तंत्रिकाओं के माध्यम से आवेगों के संचरण को प्रभावी ढंग से नियंत्रित करता है। ये शरीर में इलेक्ट्रोलाइट असंतुलन को भी कंट्रोल करता है।
फालसे के पोषक तत्व
फालसा एक स्वादिष्ट मीठा फल है। इसमें पोटैशियम, खनिज, मैग्नीशियम, कैल्शियम, प्रोटीन, कार्बोहाइड्रेट और फास्फोरस जैसे पोषक तत्व भरपूर मात्रा में होते हैं। इसके अलावा इसमें विटामिन ए, सी, बी1, बी2 और बी 3 भी पाया जाता है।
एनीमिया में फायदेमंद
फालसे का सेवन करने से शरीर में खून की कमी भी दूर हो जाती है। एनीमिया से पीड़ित लोगों के लिए फालसा फल बहुत फायदेमंद है। फालसे में आयरन भरपूर मात्रा में होता है, जो एनीमिया यानी खून की कमी से निपटने में मदद करता है, क्योंकि आयरन हीमोग्लोबिन के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
शुगर कंट्रोल
शुगर के मरीजों को स्वस्थ एवं संतुलित आहार लेना चाहिए। शुगर के मरीजों को अपने खानपान पर विशेष ध्यान देना बहुत जरूरी है। मधुमेह से पीड़ित लोगों का अक्सर ब्लड शुगर लेवल कम और अधिक रहता है, इसलिए उन्हें कई समस्याओं का सामना करना पड़ता है। शुगर के मरीजों को गर्मियों में कुछ ऐसे फल खाने चाहिए जो उनके शुगर लेवल को संतुलित बनाए रखें। शुगर के मरीजों के लिए फालसे बहुत फायदेमंद है। इस फल को खाने से रक्त शर्करा यानी ब्लड शुगर का लेवल सामान्य बना रहता है। गर्मियों के मौसम में शुगर लेवल को कंट्रोल करने के लिए यह सबसे अच्छे विकल्प में से एक है।
पाचन रहेगा दुरुस्त
फालसे का सेवन करने पाचन तंत्र अच्छा बना रहता है। इसमें एंटीऑक्सीडेंट होते हैं, जो शरीर को बीमारियों से बचाते हैं। इसके साथ ही फालसे में फाइबर भरपूर मात्रा में पाया जाता है। फालसे के सेवन पाचन क्रिया बहुत ही अच्छी बनी रहती है। इसके सेवन से कब्ज, एसिडिटी, गैस और पेट से संबंधी सभी समस्याएं दूर रहती हैं।
इसके अलावा योग गुरु और टीवी पर्सनालिटी डॉक्टर हंसा योगेंद्र ने बताया कि आंतों और पेट को हेल्दी रखने के लिए दही और छाछ, प्याज और लहसुन, साबुत अनाज और हरी सब्जियों का सेवन बहुत ही फायदेमंद होता है।