Plank Exercise Benefits in Hindi: अनिल कपूर बॉलीवुड के सबसे फिट कलाकारों में शामिल हैं। अपने इतने व्यस्त शेड्यूल के बाद भी वो फिटनेस को लेकर काफी सजग रहते हैं। कई बार इस बात का खुलासा उनके भतीजे अर्जुन कपूर भी कर चुके हैं। हाल में ही 63 वर्षीय अनिल कपूर प्लैंक करते नजर आए। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीर भी साझा की।
कैसे करें प्लैंक- यह एक्सरसाइज फिट रहने में बहुत मददगार है। इसे करने के लिए सबसे पहले पेट के बल लेट जाएं। अब इस पोजीशन में शरीर का भार हाथों की जगह अपनी कोहनी पर रखें। अपनी कमर को ज्यादा ऊपर न उठाएं न ही कूल्हों को ज्यादा नीचे रहने दें। पेट को सिकोड़कर जब तक आप इस स्थिति में रह सकते हैं तब तक रहें।
क्या हैं प्लैंक के फायदे- 2016 में फिजिकल थेरेपी रिहैबिलिटेशन साईंस में छपी एक रिपोर्ट के हिसाब से यह एक्सरसाइज न केवल मांसपेशियों को मजबूत करते हैं बल्कि उसकी सक्रियता भी बढ़ाती है। हैमस्ट्रिंग की चोट में भी यह असरदार है। यह इससे पेट के मसल्स को भी मजबूती प्रदान करती है, साथ ही पेट की चर्बी कम करने में भी यह कारगर है।
इससे बॉडी की शेप भी नियंत्रित रहती है। यह एक्सरसाइज करने से न सिर्फ मसल्स और शरीर मजबूत रहता है, बल्कि पूरे शरीर का संतुलन भी अच्छा होता है। इसके अलावा ऑस्टियोपोरोसिस जैसी बीमारी से बचाव में भी प्लैंक एक्सरसाइज सहायक है। नियमित रूप से यह एक्सरसाइज करने से पीठ के निचले हिस्से की मांसपेशियां ज्यादा एक्टिव हो जाती हैं। साथ ही यह एक्सरसाइज गर्दन और रीढ़ की हड्डी को भी सपोर्ट देती है और इसे मजबूत बनाती है।
किन बातों का रखें ध्यान- प्लैंक एक्सरसाइज के दौरान यह बहुत जरूरी है कि अगर आप पहली बार प्लैंक एक्सरसाइज रहें हैं, तो प्लैंक एक्सपर्ट की सहायता से इसकी शुरुआत करें। साथ ही, इस वर्कआउट को करने का सही तरीका समझें। यह एक्सरसाइज करते वक्त सही ढ़ंग से करना बेहद जरूरी है। कम एक्सरसाइज करें मगर ठीक ढ़ंग से करें। व्यायाम के दौरान ऊपरी हिस्से से एड़ी तक शरीर को पूरी तरह सीधा रखें। यह एक्सरसाइज करते वक्त किसी भी तरह की परेशानी महसूस होने पर रुक जाएं।
