गर्मी के मौसम में कई प्रकार के फल आते हैं, जो स्वास्थ्य के साथ-साथ सेहत के लिए भी फायदेमंद होते हैं। गर्मी का मौसम आते ही हर कोई आम खाने के लिए बेताब रहता है। मीठा, रसीला और स्वाद में बेमिसाल आम सिर्फ भारत का राष्ट्रीय फल नहीं, बल्कि फलों का राजा भी कहलाता है। आम शरीर को कई पोषक तत्व देता है और इसके सेवन से सेहत को भी फायदा मिलता है, लेकिन आम खाने का सही समय और तरीका जानना भी बेहद जरूरी है। डायटीशियन आइना सिंघल ने आम खाने का सही समय बताया है। इसके साथ ही रात में आम खाने से होने वाले नुकसान बताए हैं।
डायटीशियन आइना सिंघल के मुताबिक, ज्यादातर लोग आम को सुबह या दोपहर के समय खाना पसंद करते हैं, लेकिन कुछ लोग आम को रात में खाने के बाद भी खाना पसंद करते हैं, लेकिन रात के समय आम खाने से बचना चाहिए। क्योंकि, रात में आम खाने से स्वास्थ्य को फायदे की जगह नुकसान होता है। चलिए आपको बताते हैं रात के समय आम खाना सेहत के लिए कैसे नुकसानदेह साबित हो सकता है।
पाचन तंत्र खराब हो सकता है
आम में नैचुरल शुगर और फाइबर की मात्रा अधिक होती है, जिसे पचाने के लिए शरीर को मेहनत करनी पड़ती है। रात में जब मेटाबॉलिज्म धीमा होता है, तब आम खाना पाचन में रुकावट पैदा कर सकता है। रात में आम खाने से गैस, अपच और पेट फूलना जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
वजन बढ़ सकता है
आम में कैलोरी और नैचुरल शुगर हाई मात्रा में होता है। अगर, दिनभर की कैलोरी लिमिट पार कर चुके हैं और रात में आम खाते हैं, तो यह वजन बढ़ने का कारण बन सकता है। सोने से पहले फल खाना शरीर में फैट स्टोर करने की प्रवृत्ति को बढ़ा देता है।
ब्लड शुगर लेवल बढ़ेगा
आम में ग्लाइसेमिक इंडेक्स थोड़ा हाई होता है, जिसके चलते यह ब्लड शुगर को तेजी से बढ़ा सकता है। रात में आम खाने से शरीर को शुगर को प्रोसेस करने का समय नहीं मिल पाता। ऐसे में शुगर के मरीजों के लिए रात में आम खाना हानिकारक हो सकता है।
नींद पर असर
आम में मौजूद शुगर और कार्ब्स एनर्जी बूस्ट करने का काम करते हैं। ऐसे में रात के समय में आम खाते हैं तो यह शरीर को एक्टिव मोड में ला सकता है, जिससे नींद आने में दिक्कत हो सकती है और स्लीप साइकल भी बिगड़ सकता है।
तापमान बढ़ता है
आम शरीर को काफी गर्म करता है और शरीर के तापमान को बढ़ा सकता है। आम का अधिक सेवन से पिंपल्स और कील मुंहासे भी हो सकते हैं।
एसिडिटी और हार्टबर्न का खतरा
रात में आम खाने से पेट में एसिड का स्तर बढ़ सकता है। जिन लोगों को सीने में जलन या एसिड रिफ्लक्स की शिकायत होती है, उन्हें रात में आम बिल्कुल भी नहीं खाना चाहिए।
वहीं, NCBI में प्रकाशित एक शोध के मुताबिक, लिवर को हेल्दी रखने के लिए विटामिन ए और विटामिन डी की पर्याप्त मात्रा शरीर में जरूर होनी चाहिए।