दांत का दर्द एक ऐसी परेशानी है जिसकी वजह से हमारा खाना-पीना तक दूभर हो जाता है। दांत का दर्द कई कारणों से होता है जैसे दांतों में कीड़ा लगने की वजह से दांतों में कैविटी हो जाती है, जो दांत के दर्द का कारण बनती है। कई बार दांतों में बैक्टीरियल इंफेक्शन की वजह से भी दांतों में दर्द होने लगता है, ये दर्द असहनीय हो जाता है जिसकी वजह से हमारा खाना-पीना और सोना तक दूभर हो जाता है। दांत का दर्द होने पर उस दर्द का कारण पता होना जरूरी है।
मीठी चीजों का सेवन आपके दांतों के दर्द का कारण बन सकता है। मीठा खाने के बाद उसके कुछ अंश दांतों और मसूड़ों में रूक जाते हैं जिसमें कीटाणु तेजी से पनपते हैं और दांतों को नुकसान पहुंचाते हैं। कई बार ये कीटाणु इतने स्ट्रॉन्ग होते हैं कि यह दांतों की जड़ों तक पहुंच जाते हैं और दांतों में दर्द पैदा करते हैं।
यदि आपके दांत में दर्द है, तो यह पता लगाना महत्वपूर्ण है कि दांत में दर्द का कारण क्या है। अगर दांत में हल्का दर्द रहता है और चाय पानी पीने पर दांतों में लगता है तो आप उसका घर में ही आसानी से उपचार कर सकते हैं। दांत के दर्द का इलाज आयुर्वेदिक तरीके से आसानी से किया जा सकता है।
आयुर्वेद के अनुसार, दांत में दर्द वात दोष के कारण होता है। खानपान में सुधार, साफ-सफाई एवं घरेलू नुस्खों से दांत के दर्द से छुटकारा पाया जा सकता है। आयुर्वेद के मुताबिक इस दर्द का असरदार तरीके से उपचार किया जा सकता है। आइए जानते हैं कि दांत के दर्द का उपचार कैसे करें।
लहसुन (Garlic)का करें इस्तेमाल: औषधीय गुणों से भरपूर लहसुन एंटी-बैक्टीरियल गुणों से भरपूर है जो बैक्टीरिया को खत्म करने में बेहद असरदार है। दांत का दर्द दूर करने में लहसुन पेन किलर की तरह काम करता है। आप दर्द से राहत पाने के लिए लहसुन की कलिया चबाकर खा सकते हैं या फिर लहसुन का सेवन उसकी चाय बनाकर भी कर सकते हैं। दर्द वाली जगह पर आप लहसुन का पेस्ट बनाकर लगा सकते हैं।
लौंग (Cloves): लौंग एक ऐसा मसाला है जिसमें औषधीय गुण मौजूद हैं। लौंग का इस्तेमाल दांतों का दर्द दूर करने में असरदार है। लौंग दांतों का दर्द दूर करती है, साथ ही दांतों की सूजन से भी निजात दिलाती है। लौंग का इस्तेमाल आप उसकी चाय बनाकर भी कर सकते हैं।
दांत दर्द की दवा है हींग(Hing): दांतों के दर्द से परेशान हैं चाय और पानी पीने पर भी दांतों में लगता है तो हींग का इस्तेमाल करें। चुटकी भर हींग को मौसमी के रस में मिलाकर रूई से लगाएं आपको दांतों के दर्द से राहत मिलेगी।
हल्दी (Turmeric)का करें इस्तेमाल: दांतों के दर्द को दूर करने के लिए आप औषधीय गुणों से भरपूर हल्दी का इस्तेमाल करें। हल्दी एक प्राकृतिक एंटीबायोटिक है जो दांत का दर्द दूर करने में असरदार है। हल्दी का इस्तेमाल सरसो के तेल में डालकर उसमें चुटकी भर नमक मिलाकर करें। इस पेस्ट को तैयार कर लें फिर दांतों पर कुछ देर लगाएं आपको दर्द से राहत मिलेगी।
नमक के पानी से कुल्ला करें: नमक का पानी एक प्राकृतिक कीटाणुनाशक है, जो दांतों के बीच में फंसे हुए खाने के कणों को बाहर निकालने में मदद करता है। नमक का पानी दांतों के दर्द से राहत दिलाता है और दांतों की सूजन को कम करता है। मुंह में अगर कोई घाव है तो ये उसे ठीक करता है। एक गिलास गर्म पानी में 1/2 चम्मच (चम्मच) नमक मिलाएं और इसे माउथवॉश के रूप में उपयोग करें आपको फायदा पहुंचेगा।