आंखें हमारी बॉडी का अहम हिस्सा हैं। आंखों में कुछ भी परेशानी होने पर सिर में भारीपन होना, धुंधला दिखना, जलन होना, पानी आना, खुजली होना, आंखों में सूखना और आंखों में थकान होना आंखों में होने वाली मुख्य बीमारियां है। कोरोनाकाल में लोगों ने घंटों मोबाइल, टीवी और लेपटॉप पर वर्क फ्रॉम होम करने में गुजारा है जिसका असर लोगों की आंखों की रोशनी पर भी पड़ा है।

स्मार्टफोन, टीवी, लैपटॉप जैसे डिजिटल उपकरणों से निकलने वाली नीली रोशनी ना सिर्फ आंखों को प्रभावित करती है बल्कि मस्तिष्क और स्किन पर भी उसका असर पड़ता है। योग ट्रेनर निधि एस ने कुछ आंखों की एक्सरसाइज साझा की है जो आंखों की मांसपेशियों को मजबूत करने और आंखों की रोशनी में सुधार करने में मदद करती हैं।

एक्सपर्ट के मुताबिक अगर आप अपनी कमजोर आंखों के कारण चश्मा और कॉन्टैक्ट लेंस पहनकर तंग आ चुके हैं तो अपनी आंखों की मांसपेशियों को मजबूत करने और अपने आंखों की रोशनी में सुधार करने के लिए इन टिप्स को आजमाएं।

क्लॉकवाइज और एंटी-क्लॉकवाइज एक्सरसाइज करें: आंखों को पहले दस बार क्लॉकवाइज और दस बार एंटी-क्लॉकवाइज घुमाएं। ये एक्सरसाइज आंखों की रोशनी बढ़ाने में मदद करेगी। इसे करने से आंखों का तनाव दूर होगा। रोज़ाना इस एक्सरसाइज को करने से आपकी आंखों की रोशनी में इज़ाफा होगा।

आई पुशअप्स करें: यह एक्सरसाइज दिन में दस बार करने से आंखों को आराम मिलता है। इस एक्सरसाइज को करने से मांसपेशियां मजबूत होती हैं।

पलको को झपकाएं: रोजाना दिन में दस बार पलकों को जरूर झपकाएं। आप अपने काम के दौरान थोड़ा सा वक्त निकालकर इस एक्सरसाइज़ को करें। इसे करने से आंखें तरोताजा महसूस करती हैं और आंखें हाइड्रेटेड रहती हैं। आप कंप्यूटर पर काम करते हैं तो हर आधा घंटे बाद इस एक्सरसाइज को करें।

त्राटक क्रिया करें: त्राटक क्रिया से मतलब ऐसी एक्सरसाइज से है जिसमें शरीर को बिना हिलाए किसी खास वस्तु पर अपनी निगाह टिकाते हैं। एक्सपर्ट के मुताबिक इस एक्सरसाइज को करने से आंखों की मांसपेशियां मजबूत होती है और आंखों की रोशनी में सुधार होता है। इसे करने से आंखों के साथ ही याददाश्त में भी सुधार होता है। 5-7 मिनट इस एक्सरसाइज को करें आपको फायदा होगा।