Feroze Gandhi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले दिनों राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद देते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अगर हम कहीं पंडित नेहरू का नाम लेना भूल जाते हैं तो कांग्रेस नाराज हो जाती है। लेकिन मैं जानना चाहता हूं कि नेहरू महान थे तो ये लोग नेहरू का सरनेम क्यों नहीं लगाते हैं? पीएम की इस टिप्पणी ने एक नए विवाद को जन्म दे दिया। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने PM मोदी पर पलटवार भी किया।
राहुल गांधी अपने नाम के साथ जो ‘गांधी’ सरनेम लगाते हैं वह उन्हें अपने परदादा फिरोज गांधी (Feroze Gandhi) से मिला है, जो स्वतंत्र सेनानी, पत्रकार और रायबरेली से सांसद थे। फिरोज गांधी का साल 1960 में महज 48 साल की उम्र में निधन हो गया था।
12 सितंबर 1912 को बॉम्बे में जन्में फिरोज गांधी (Feroze Gandhi) का नाम फिरोज जहांगीर घांडी। उनके माता-पिता, रती माई (Ratimai) और जहांगीर फरीदून घांडी (Jehangir Faredoon Ghandy) पारसी थे। पिता मरीन इंजीनियर थे।
पिता की मौत के बाद इलाहाबाद आ गए थे फिरोज गांधी
फिरोज गांधी के पिता जब गुजरे तब उनकी उम्र बहुत कम थी। पिता के निधन के बाद युवा फिरोज इलाहाबाद अपनी आंटी शिरीन (Shirin Commissariat) के पास चले आए, जो उन दिनों लेडी डफरिन हॉस्पिटल (Lady Dufferin Hospital) में सर्जन थीं। इलाहाबाद में फिरोज ने इविंग क्रिश्चियन कॉलेज (Ewing Christian College) में दाखिला ले लिया। महज 18 साल की उम्र में फिरोज गांधी की जिंदगी में दो अहम पड़ाव आए। पहला स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ाव और दूसरा नेहरू परिवार से करीबी।

फिरोज घांडी से कैसे बन गए फिरोज गांधी?
फिरोज गांधी (Feroze Gandhi) जिन दिनों इविंग क्रिश्चियन कॉलेज में पढ़ रहे थे, उन्हीं दिनों पंडित जवाहरलाल नेहरू की पत्नी कमला नेहरू कॉलेज के बाहर सत्याग्रह की अगुवाई कर रहे थीं। अचानक गश खाकर गिर पड़ीं। युवा फिरोज फौरन उनकी मदद को बढ़े। बस यहीं से उनकी ‘आनंद भवन’ में आवाजाही बढ़ी, जो उन दिनों स्वतंत्रता सेनानियों का केंद्र था। ठीक इसी वक्त फिरोज ने अपने सरनेम में घांडी की जगह ‘गांधी’ लगाना शुरू किया, जो एक तरीके से महात्मा गांधी के सम्मान के साथ जुड़ा था।
इंदिरा से रिश्ते के खिलाफ थीं सास कमला नेहरू
फिरोज गांधी (Feroze Gandhi) ने जब पहली बार इंदिरा गांधी (Indira Gandhi) को प्रपोज किया तो वह महज 16 साल की थीं और फिरोज उनसे 5 साल बड़ थे। कमला नेहरू ने दोनों की उम्र में इसी फासले का हवाला देते हुए इस रिश्ते का विरोध किया और कहा कि इंदिरा बहुत छोटी हैं।

चर्चित पत्रकार सागरिका घोष अपनी किताब ‘इंदिरा: इंडियाज मोस्ट पावरफुल प्राइम मिनिस्टर’ (Indira: India’s Most Powerful Prime Minister) में लिखती हैं कि अगले 5 साल के दौरान टीबी के चलते कमला नेहरू की हालत बिगड़ती गई, लेकिन फिरोज ने उनका साथ नहीं छोड़ा। यहां तक कि उनके साथ इलाज के लिए जर्मनी तक गए।