कर्नाटक में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने कई बड़े दिग्गजों को चुनावी प्रचार मैदान में उतार दिया है। उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ भी कर्नाटक में चुनाव प्रचार कर रहे हैं। यूपी के सीएम ने पिछले दिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे (Mallikarjun Kharge) द्वारा की गई विवादित टिप्पणी की जमकर आलोचना की है।
यूपी सीएम ने कहा है कि प्रधानमंत्री का अपमान राष्ट्र का अपमान होता है। ये भारत का अपमान करते हैं। भारत की 140 करोड़ जनता का अपमान करते हैं। भारत का अपमान करने वाले किसी व्यक्ति को हमें स्वीकार नहीं करना चाहिए।
सीएम योगी के इस बयान की सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हो रही है। सीएम के बयान पर लोग अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। इसी बीच जाने माने कॉमेडियन राजीव निगम ने योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधा है। कॉमेडियन का कहना है कि साल 2014 से पहले प्रधानमंत्री का अपमान राष्ट्र का अपमान नहीं हुआ करता था।
सीएम योगी के बयान पर कॉमेडियन का तंज
कर्नाटक के कलबुर्गी में एक जनसभा के दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ‘कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे जी ने मोदी जी पर टिप्पणी की। क्या इस उम्र में खड़गे जी को ये शोभा देता है? ये दिखाता है कि कांग्रेस हार रही है और उनके पुत्र की जमानत जब्त हो रही है। प्रधानमंत्री का अपमान राष्ट्र का अपमान होता है। ये भारत का अपमान करते हैं। भारत की 140 करोड़ जनता का अपमान करते हैं। भारत का अपमान करने वाले किसी व्यक्ति को हमें स्वीकार नहीं करना चाहिए।’
अब इस पर कॉमेडियन राजीव निगन ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि ‘इनका राष्ट्र 2014 के बाद बना है, उसके पहले यही लोग पीएम को कितनी गाली देते थे तब राष्ट्र का अपमान नहीं था। खुद गालिबाज लोग अब गाली का रोना रों रहे है।’
मल्लिकार्जुन खरगे का क्या था बयान
मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए कहा था कि ‘प्रधानमंत्री मोदी एक जहरीले सांप की तरह हैं। आप सोचेंगे कि ये जहर है या नहीं, लेकिन अगर आप इसे चखेंगे तो आपकी मौत हो जाएगी।’