साल 2024 अपने अंतिम पड़ाव में है। इस साल का आखिरी महीना दिसंबर की शुरुआत हो चुकी है। ऐसे में ये साल किसी के लिए अच्छा साबित हुआ तो किसी के लिए मुश्किलों से भरा रहा। वहीं, कई ऐसे सेलेब्स रहे हैं, जिन्होंने अपनी लाइफ में नई शुरुआत की। बॉलीवुड और साउथ स्टार्स के बारे में तो आप लोगों ने खूब सुना। ऐसे में आज हम आपको भोजपुरी स्टार्स के बारे में बता रहे हैं, जो इस साल किसी ना किसी वजह से खूब चर्चा में रहे। फिर कोई विवादों की वजह तो कोई शादी और बच्चे की किलकारी गूंजने की वजह से खूब हेडलाइन्स बटोरी। चलिए बताते हैं…
शारदा सिन्हा का निधन
2024 की भोजपुरी सिनेमा से जो सबसे बड़ी खबर रही वो ये कि लोक गायिका शारदा सिन्हा का निधन था। पति के निधन के बाद से सिंगर का स्वास्थ्य लगातार बिगड़ता जा रहा था। वो कैंसर से जूझ रही थीं, जिसके बाद दिल्ली के एम्स में उन्होंने अपनी आखिरी सांस ली।
शादी के बंधन में बंधे समर सिंह
2024 में समर सिंह अपनी निजी जिंदगी को लेकर काफी चर्चा में रहे। एक्टर का भोजपुरी की दिवंगत एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे के सुसाइड केस में नाम रहा था। इसकी वजह से उन्हें जेल भी जाना पड़ा था। जेल से आने के बाद देसी स्टार ने अपनी जिंदगी और करियर को एक बार फिर से ट्रैक पर लाया, जिसके बाद अब उन्होंने हाल ही में शादी कर ली। उन्होंने 22 नवंबर, 2024 को धूमधाम सं शादी रचाई। इस साल उन्होंने दुख भी देखा लेकिन, जिंदगी की नई शुरुआत भी की।
अरविंद अकेला कल्लू बने पिता
भोजपुरी के यंग स्टार अरविंद अकेला कल्लू ने 26 जनवरी, 2022 में शादी की थी। इसके बाद वो अपनी निजी जिंदगी को लेकर काफी चर्चा में रहे थे। शादी के करीब दो साल बाद वो पिता बने। उनकी वाइफ शिवानी पांडे ने बेटे को जन्म दिया था। वो 13 अक्टूबर, 2024 को पहले बच्चे के पिता बने थे। उन्होंने सोशल मीडिया पर बेटे के साथ फोटो शेयर कर फैंस को खुशखबरी दी थी।
खेसारी लाल यादव-काजल राघवानी विवाद
भोजपुरी के ट्रेंडिंग स्टार खेसारी लाल यादव इस साल खूब चर्चा में रहे। उन्हें लेकर काजल राघवानी ने कई खुलासे किए और उन पर कई गंभीर आरोप भी लगाए। यूट्यूब चैनल्स से बातचीत में एक्ट्रेस ने बताया कि वो खेसारी के साथ 5 सालों तक रिलेशनशिप में रही थीं और एक्टर ने भी उनसे शादी का वादा किया था। काजल की मानें तो खेसारी अपनी पत्नी चंदा देवी को दो साल में तलाक देने वाले थे। एक्ट्रेस ने भोजपुरी स्टार पर उनको शादी का झांसा देकर धोखा देने का आरोप भी लगाया। इतना ही नहीं, काजल ने ये भी कहा था कि खेसारी अपने फोन में लड़कियों की अश्लील फोटोज भी रखते हैं। हालांकि, बाद में इन सब बातों पर खेसारी ने रिएक्शन देते हुए तीखे बोल बोले थे। उन्होंने रिलेशनशिप से सीधे मना कर दिया था। दोनों स्टार्स के बीच जमकर बवाल देखने के लिए मिला था।
रितु सिंह ने की शादी
वहीं, भोजपुरी की लवली गर्ल कही जाने वाली एक्ट्रेस रितु सिंह के घर पर शहनाई बाजी। अभिनेत्री ने लॉन्ग टाइम बॉयफ्रेंड गौरव झा के साथ शादी कर ली थी। उनकी शादी में सीमा सिंह जैसे कई भोजपुरी सेलेब्स पहुंचे थे। रितु की शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आई थीं, जिसमें उन्हें अपने पति और भोजपुरी स्टार गौरव झा के साथ दुल्हन के गेटअप में देखा गया था।
संभावना सेठ मां ना बन पाने की वजह से रहीं चर्चा में
भोजपुरी की आइटम क्वीन कही जाने वाली एक्ट्रेस संभावना सेठ इस साल मां ना बन पाने की तकलीफ को लेकर काफी चर्चा में रहीं। एक्ट्रेस सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं और खुद से जुड़ी कोई ना कोई पोस्ट शेयर करती रहती हैं। ऐसे में उन्होंने कई बार अपने वीडियोज शेयर कर ये दर्द बयां किया वो मेडिकल रीजन की वजह से मां नहीं बन पा रही हैं। हाल ही में एक्ट्रेस ने अपने व्लॉग में बताया था कि लोग उनको ताने मारते हैं। पति अविनाश को दूसरी शादी की सलाह देते हैं। इस पर उन्होंने गुस्सा भी निकाला था और कहा था कि ये जरूरी नहीं कि जिसके पास बच्चे नहीं उसकी लाइफ खत्म हो जाती है। इसके अलावा भी जिंदगी है।
पवन सिंह का पत्नी ज्योति सिंह से विवाद
पवन सिंह पिछले काफी समय से अपनी पत्नी ज्योति सिंह से विवादों को लेकर मीडिया में छाए रहे। इस साल बिहार विधानसभा चुनाव से पहले खबर आई कि दोनों के बीच लंबे समय के बाद पैचअप हो गया है। ज्योति ने पवन सिंह के लिए चुनाव प्रचार भी किया था। सबकुछ अच्छा चल रहा था लेकिन, एक दिन अचानक से यूट्यूब पर एक कॉल रिकॉर्डिंग वायरल होती है, जिसे लेकर दावा किया गया कि ये ज्योति सिंह का है। इसमें उन्होंने कहा था कि वो पवन सिंह के साथ रहने के लिए तैयार हैं लेकिन वो ही उनके साथ रहने के लिए नहीं तैयार हैं। ज्योति ने उनकी तीसरी शादी की चर्चा का भी दावा किया था।
पवन सिंह लड़े विधान सभा चुनाव
इसके साथ ही पवन सिंह इस साल 2024 में बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने को लेकर भी काफी चर्चा में रहे। वो निर्दलीय चुनावी मैदान में थे। उन्होंने काराकाट से पर्चा भरा था और उन्होंने बीजेपी उम्मीदवार को कड़ी टक्कर दी थी। वो बात अलग है कि पवन सिंह को इस सीट से चुनावी मैदान में हार मिली थी।
निरहुआ को आजमगढ़ से मिली हार
वहीं, दिनेश लाल यादव निरहुआ भी आजमगढ़ में हुए चुनाव को लेकर चर्चा में थे। इस सीट से पहले निरहुआ जीत चुके थे और फिर जब दोबारा से चुनाव हुए तो भोजपुरी जुबली स्टार को बीजेपी से फिर से टिकट दिया गया था लेकिन, उन्हें सपा के धर्मेंद्र यादव ने हरा दिया था। इसके बाद निरहुआ काफी चर्चा में रहे थे।
2024 की बड़ी भोजपुरी खबरों और सेलेब्स के बारे में आपने तो पढ़ लिया कि कौन किस वजह से इंडस्ट्री में ज्यादा चर्चा में रहा। इसके साथ ही भोजपुरी के उन सेलेब्स के बारे में पढ़ सकते हैं, जो इस साल विवादों की वजह से काफी लाइमलाइट में रहे हैं।
