Worst Movies of 2024: साल 2024 को अलविदा कहने का वक्त आ गया है। काउंट डाउन शुरू हो गया है। नए साल 2025 की शुरुआत में महज कुछ ही घंटों का वक्त बचा है। ऐसे में सभी इसकी तैयारी जोर-शोर से कर चुके हैं। 2024 किसी के लिए अच्छा रहा तो किसी के लिए मुश्किलों भरा। वहीं, इस साल सिनेमाघरों में एक से बढ़कर एक फिल्में रिलीज हुईं। फिर किसी ने बॉक्स ऑफिस पर छप्परफाड़ कमाई की तो कोई औंधे मुंह गिर गई। ऐसे में आज हम आपको 2024 की अंतिम घड़ी में आपको इस साल की सबसे खराब फिल्मों के बारे में बता रहे हैं। इसमें अजय देवगन की बहुचर्चित और बड़े बजट की फिल्म का नाम भी शामिल है। देखिए लिस्ट…

बड़े मियां छोटे मियां

अक्षय कुमार और टाइगर श्रॉफ स्टारर फिल्म ‘बड़े मियां छोटे मियां’ 2024 की हाई ओक्टेन एक्शन थ्रिलर फिल्म रही। इसका निर्माण 300 करोड़ के बजट में किया गया लेकिन, फिल्म ने कुल 102 करोड़ का बिजनेस किया। ये बॉक्स ऑफिस पर डिजास्टर साबित हुई। इसी के साथ ही इसने 2024 की सबसे खराब फिल्मों की लिस्ट में जगह बनाई। इसका निर्देशन अली अब्बास जफर ने किया था। फिल्म में टाइगर और अक्षय के अलावा साउथ स्टार पृथ्वीराज सुकुमारन भी अहम रोल में थे। इसमें उन्होंने विलेन की भूमिका में दर्शकों का दिल जीत लिया था।

मार्टिन

साउथ एक्टर ध्रुव सर्जा स्टारर फिल्म ‘मार्टिन’ इस साल की चर्चित एक्शन फिल्मों में से एक रही है। इस मूवी का बजट 100-150 करोड़ था। लेकिन, फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर महज 25 करोड़ का कलेक्शन किया था। आईएमडीबी की ओर से भी फिल्म को 2.4 रेटिंग मिली थी। ये बुरी तरह से फ्लॉप रही। इसका निर्माण कन्नड़ भाषा में किया गया था और एपी अर्जुन ने फिल्म का निर्देशन किया था।

क्रैक

विद्युत जामवाल, नोरा फतेही, अर्जुन रामपाल स्टारर फिल्म ‘क्रैक’ इस साल की डिजास्टर और सबसे खराब फिल्मों की लिस्ट में शामिल है। ये एक एक्शन स्पोर्ट्स ड्रामा मूवी है। लेकिन, बॉक्स ऑफिस पर फेल रही। इसका बजट 45 करोड़ था लेकिन, फिल्म 20 करोड़ का भी कलेक्शन कर पाने में असफल रही।

औरों में कहां दम था

अजय देवगन की फिल्म ‘औरों में कहां दम था’ एक रोमांटिक ड्रामा मूवी थी। इसके जरिए तबू और अजय देवगन को लंबे समय के बाद स्क्रीन पर रोमांस करते हुए देखा गया था। फिल्म को लोगों ने लंबी और बोरिंग बताया था। खराब माउथ पब्लिसिटी के कारण फिल्म बॉक्स ऑफिस पर भी खास परफॉर्म नहीं कर पाई थी। इसका बजट 100 करोड़ था जबकि फिल्म का कलेक्शन 13 करोड़ हुआ था।

इंडियन 2

कमल हासन स्टारर फिल्म ‘इंडियन 2’ साउथ की 2024 की बड़ी फिल्मों में से एक रही है। इसका निर्माण 200-300 करोड़ में किया गया था लेकिन, इसका बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 151 करोड़ ही रहा था। मूवी को नेगेटिव माउथ पब्लिसिटी का सामना करना पड़ा था। जबकि, इसे पैन इंडिया रिलीज किया गया था।

युधरा

‘किल’ के बाद राघव जुयाल का विलेन का रोल काफी पसंद किया जाने लगा था। इसी बीच उनकी और सिद्धांत चतुर्वेदी की फिल्म ‘युधरा’ को रिलीज किया गया था, जो बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह से फ्लॉप रही थी। मूवी की कहानी को तो काफी पसंद किया गया लेकिन, डायलॉग्स को लोगों से खास रिस्पांस नहीं मिला। इसका निर्माण 50 करोड़ के बजट में किया गया था, जबकि 11.3 करोड़ फिल्म ने कलेक्शन किया था।

डबल आईस्मार्ट

राम पोथिनेनी, संजय दत्त और काव्या थापर स्टारर फिल्म ‘डबल आईस्मार्ट’ एक टिपिकल हीरो-विलेन मैसी एक्शन फिल्म थी। इसे क्रिटिक्स और दर्शकों की ओर से खास रिस्पांस नहीं मिला था। मूवी का बजट 90 करोड़ था जबकि इसका कलेक्शन 18 करोड़ ही बॉक्स ऑफिस पर रह गया था। फिल्म बुरी तरह से बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप रही थी।

कंगुवा

एक्टर सूर्या और बॉबी देओल स्टार फिल्म ‘कंगुवा’ को दिवाली के बाद सिनेमाघरों में 14 नवंबर, 2024 को रिलीज किया गया था। लेकिन, फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह से पिटी थी। इसे क्रिटिक्स की ओर से भी नेगेटिव रिस्पांस मिला था। फिल्म में साउथ और बॉलीवुड फैक्टर भी कामयाब नहीं हो सका था। इसका निर्माण 300 करोड़ के बजट में किया गया था। जबकि फिल्म 100 करोड़ का ही बिजनेस कर पाई थी।

सिंघम अगेन

रोहित शेट्टी की मल्टीस्टारर फिल्म ‘सिंघम अगेन’ दिवाली के मौके पर रिलीज की गई थी। फिल्म में रामायण वाले एंगल को भुनाने की कोशिश की गई थी लेकिन, ये कामयाब नहीं हो पाया था। 250 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने 290 करोड़ का बिजनेस किया था। ऐसे में फिल्म एवरेज रही थी लेकिन, इसे क्रिटिक्स की ओर से खास रिस्पांस नहीं मिला था। इसमें अजय देवगन के साथ टाइगर श्रॉफ, करीना कपूर, अक्षय कुमार और रणवीर सिंह जैसे स्टार्स अहम रोल में थे।

बेबी जॉन

वरुण धवन स्टारर फिल्म ‘बेबी जॉन’ साल के आखिरी में क्रिसमस के मौके पर रिलीज की गई थी लेकिन, ये बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह से पिट गई। 25 दिसंबर को रिलीज हुई इस फिल्म ने महज 6 दिनों में 30 करोड़ का ही कलेक्शन किया है जबकि इसका निर्माण 160 करोड़ के बजट में किया गया। ऐसे में फिल्म के लिए बजट के जितनी कमाई कर पाना भी काफी मुश्किल हो रहा है। आपको बता दें कि ये फिल्म साउथ स्टार थलापति विजय की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘थेरी’ का हिंदी रीमेक है।

आपने साल 2024 की सबसे खराब मूवीज के बारे में तो पढ़ लिया। इसके साथ ही आप इस साल के बॉलीवुड के दमदार विलेन के बारे में भी पढ़ सकते हैं। 2024 में स्क्रीन पर 90 के दशक से एक्टर्स का बोलबाला ज्यादा देखने के लिए मिला, जिन्होंने अब विलेन बनकर हीरो की नाक में दम कर दिया था।