प्रियंका चोपड़ा इस वक्त भारत में हैं और वो अपने भाई सिद्धार्थ चोपड़ा की शादी के लिए आई हैं। एक्ट्रेस फैमिली के साथ समय बिता रही हैं और शादी के फंक्शन एन्जॉय कर रही हैं। सिद्धार्थ ने अगस्त 2024 में नीलम उपाध्याय के साथ सगाई की थी और प्रियंका चोपड़ा उसमें भी शामिल हुई थीं। इस वक्त नीलम उपाध्याय की हल्दी मेहंदी की तमाम तस्वीरें इंटरनेट पर वायरल हो रही हैं।
प्रियंका चोपड़ा की फैमिली ने शादी से पहले अपने घर में माता की चौकी रखी, जिसकी तस्वीरें प्रियंका की मां डॉ. मधु चोपड़ा ने इंस्टाग्राम पर शेयर की थी। मधु चोपड़ा ने शादी के पहले फंक्शन की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, “शादी की रस्मों की दिव्य शुरुआत! माता रानी दंपत्ति सिद्धार्थ चोपड़ा और नीलम उपाध्याय को सुख, प्रेम और समृद्धि का आशीर्वाद दें। इस शुभ शुरुआत के लिए परिवार और दोस्तों का साथ पाकर धन्य हूं।”
होने वाली दुल्हन ने भी शेयर की तस्वीरें
प्रियंका चोपड़ा की होने वाली भाभी नीलम उपाध्याय ने भी इंस्टाग्राम स्टोरी पर अपनी शादी के फंक्शन की कुछ तस्वीरें शेयर की हैं। जिसमें वो हरे रंग के शरारे में नजर आ रही हैं और उनके हाथों में मेहंदी लगी है। वो फोटो खिंचवाते हुए काफी एक्साइटेड लग रही हैं। नीलम उपाध्याय और सिद्धार्थ चोपड़ा का रोका अप्रैल 2024 में हुआ था और अगस्त में दोनों ने सगाई की थी। जिसके बाद नीलम काफी लाइमलाइट में आ गई थीं। लोगों के मन में ये सवाल है कि आखिर वो हैं कौन और करती क्या हैं?


एक्ट्रेस हैं प्रियंका चोपड़ा की होने वाली भाभी
बता दें कि नीलम उपाध्याय खुद एक एक्ट्रेस हैं, जिन्होंने साउथ की फिल्मों में काम किया है। उन्होंने साल 2012 में ‘मिस्टर 7’ के साथ अपना एक्टिंग डेब्यू किया था। उन्होंने कई तमिल और तेलुगू फिल्मों में काम किया है और साथ ही MTV स्टाइल चेक में भी हिस्सा लिया था। नीलम, Action 3D, Unnodu Oru Naal, and Om Shanthi Om में भी नजर आ चुकी हैं। हालांकि अब वो लंबे समय से फिल्मों से दूर हैं।