मनोज बाजपेयी की फिल्म ‘भैया जी’ सिनेमाघरों में रिलीज की जा चुकी है। इसमें एक्टर का दबंग अंदाज दर्शकों को काफी पसंद आ रहा है। हालांकि, मनोज का पहले भी दबंग अंदाज ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’ जैसी फिल्म में देखा जा चुका है लेकिन इस मूवी में वो जरा हटकर हैं। इसमें उन्हें जबरदस्त एक्शन मोड में देखा जा सकता है। वहीं, फिल्म में उनकी लेडी लव बनी एक्ट्रेस ने लाइमलाइट ही चुरा ली है। वो फिल्म में एक्शन तो करती हैं साथ ही एक शूटर गर्ल भी हैं, जो नेशनल चैंपियन होती हैं। मनोज की लेडी लव बनीं अभिनेत्री कोई और नहीं बल्कि जोया हुसैन हैं। ऐसे में चलिए आपको उनके बारे में बताते हैं।

‘भैया जी’ में मनोज बाजपेयी की लेडी लव बनी एक्ट्रेस जोया हुसैन कोई और नहीं बल्कि ‘मुक्केबाज’ एक्ट्रेस हैं। इससे उन्होंने काफी लाइमलाइट बटोरी थी। इसमें उनके काम को काफी पसंद किया गया था। जोया की लाइफ के बारे में बात की जाए तो उनका जन्म दिल्ली में हुआ है। उन्होंने अपनी पढ़ाई लिखाई भी दिल्ली में ही की है। उनके माता-पिता उत्तर प्रदेश के लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं। एक्ट्रेस के पिता एक ट्रैवल एजेंसी चलाते हैं और मां चाइल्ड साइकोलॉजिस्ट थीं। अब वो कैटरिंग का काम करती हैं।

17 साल की उम्र में रखा था थिएटर में कदम

जोया ने एक इंटरव्यू में अपने करियर को लेकर बात की थी। इस दौरान उन्होंने कई खुलासे किए थे। उन्होंने बताया कि उनकी फैमिली ने उन्हें हमेशा से ही अपना मनपसंद काम करने की आजादी दी है। वो एक्ट्रेस होने के साथ-साथ स्पोर्ट्स पर्सन भी हैं। एक्ट्रेस ने 17 साल की उम्र में थिएटर में कदम रखा था और वहां चार साल तक काम किया था। उनके पैरेंट्स भी उन्हें स्पोर्ट्स में भाग लेने के लिए प्रेरित करते थे।

मुंबई में दो साल तक दिए ऑडिशन

पढ़ाई खत्म करने के बाद वो 2012 में दिल्ली से मुंबई चली आई थीं। यहां उनके लिए अपनी पहचान बनाना काफी मुश्किल रहा। यहां उन्होंने दो सालों तक ऑडिशन दिया। स्ट्रगल के दिनों में उनकी मुलाकात अनुराग कश्यप से हुई और उनकी शॉर्ट फिल्म ‘तीन और आधा’ मे काम किया। इसके साल बाद उन्हें ‘मुक्काबाज’ मिली। ये उनकी पहली बड़ी कमर्शियल फिल्म है।

इन फिल्मों में नजर आ चुकीं जोया हुसैन

बहरहाल, अगर जोया हुसैन की फिल्मों की बात की जाए तो वो ‘भैया जी’ और ‘मुक्काबाज’ के अलावा ‘अनकही कहानियां’, ‘हाथी मेरे साथी’ और ‘लाल कप्तान’ जैसी फिल्मों में नजर आ चुकी हैं। इसमें उनके काम को काफी पसंद किया गया है।

आउटसाइडर होने पर बयां किया दर्द

आपको बता दें कि जोया हुसैन किसी फिल्मी बैकग्राउंड से नहीं आती हैं। इस पर उन्होंने हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में दर्द बयां किया था कि पहली फिल्म ‘मुक्काबाज’ से सफलता पाने के बाद भी उन्हें नहीं लगा था कि ढेर सारे प्रोजेक्ट मिलेंगे। उनका मानना है कि ऐसा सिर्फ उन लोगों के साथ ही होता है, जिनका बैकग्राउंड फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ा हो। धीरे-धीरे उन्हें मौके मिले और वो आगे बढ़ीं। कई बार ऐसा भी हुआ कि प्रोजेक्ट से हटाकर किसी और को ले लिया गया। इसे लेकर उनका कहना था कि तकलीफ होती थी लेकिन कुछ किया नहीं जा सकता था तो ऐसे में आगे बढ़ना ही ठीक समझती थीं। उनका मानना है कि आउटसाइडर्स के लिए फिल्म इंडस्ट्री में पैर जमाना आसान नहीं होता है।