CineGram: 70-80 के दशक की खूबसूरत एक्ट्रेस जीनत अमान (Zeenat Aman) अपनी फिल्मों के साथ-साथ निजी जिंदगी को लेकर काफी चर्चा में रही हैं। एक्ट्रेस ने दो बार शादी की मगर दोनों ही शादियां नहीं टिकीं। एक्ट्रेस ने पहली शादी एक्टर संजय खान से की थी, इसके बाद जीनत ने मजहर खान से शादी कर ली थी। इस रिश्ते के बाद एक्ट्रेस को उनकी गलती का आभास हो गया था। इसका खुलासा उन्होंने खुद किया था।

जीनत अमान ने एक बार सिमी ग्रेवाल के शो में शिरकत की थी। इस दौरान उन्होंने अपनी निजी जिंदगी को लेकर बात की थी। उन्होंने बताया था कि 1985 में एक्ट्रेस ने मजहर खान से शादी की थी और शादी के पहले ही साल में उन्हें समझ आ गया था कि ये उनकी गलती है, जो हो चुकी है। जीनत ने बताया था कि उन्होंने मजहर से शादी का फैसला सबके खिलाफ जाकर किया था। ऐसे में अब जब उन्होंने सबके खिलाफ जाकर शादी का फैसला किया था तो वो इस रिश्ते को आगे ले जाना चाहती थीं और निभाना चाहती थीं।

एक्ट्रेस ने आगे मजहर की चीटिंग को लेकर कहा था कि जब वो प्रेग्नेंट थीं तो पति मजबर उनके साथ नहीं थे। जीनत अमान ने बताया था कि उस समय एक मैगजीन में छपा था कि मजहर किसी और महिला के साथ थे और इसे एक्ट्रेस ने सच भी ठहराया था। उन्होंने बताया कि वो इसके बाद बुरी तरह से सदमे में आ गई थीं कि उनके पति का एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर चल रहा है। वो अपने बेटे के जन्म के बाद ही इस शादी को तोड़ देना चाहती थीं। जीनत ने बताया था कि जब उनका बेटा 5 साल का हो गया था तो उन्होंने काम करने के बारे में सोचा लेकिन तभी मजहर बीमार हो गए। फिर पांच साल तक वो पति के लिए स्ट्रगल करती रहीं।

इन मुश्किलों से गुजरीं जीनत अमान

जीनत अमान ने आगे बताया कि उन्होंने पति के लिए काफी मुश्किलों का सामना किया। मजहर के लिए एक्ट्रेस ने इंजेक्शन लगाने से लेकर पट्टी करने तक को सीखा। करीब 18 महीने तक पति मजहर के शरीर के बाह लटके एक बैग को पकड़कर घूम थीं। जीनत ने बताया कि वो मेंटली बुरी तरह से टूट गई थीं और 12 साल तक उनके पास ऐसा कोई शख्स नहीं था, जो उनका हाल चाल पूछे। इतना ही नहीं, जीनत अमान ने बताया कि मजहर की मौत के बाद ससुरालवालों ने उन्हें उनका चेहरा तक नहीं देखने दिया था। यहां तक कि मजहर के निधन के बाद सारा पैसा और प्रॉपर्टी को भी उनकी सास और ननद ने हड़प लिया और एक्ट्रेस को बेदखल कर दिया था। जीनत अमान ने बताया था कि ससुरालवालों ने उनके बच्चों को भी उनके खिलाफ भड़काया था।

बहरहाल, अगर जीनत अमान के बारे में वर्तमान समय में बात की जाए तो वो सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं और खुद से जुड़े किस्से कहानियां इंस्टाग्राम पर अक्सर शेयर करती रहती हैं। एक्ट्रेस स्क्रीन से तो दूर हैं मगर फैंस के साथ इंस्टाग्राम के जरिए कनेक्ट रहती हैं।

आज के सिनेग्राम में आपने जीनत अमान से जुड़ी इस खबर को तो पढ़ लिया। इसके साथ ही आप सिनेग्राम की एक और स्टोरी राजेश खन्ना से जुड़ी पढ़ सकते हैं। उनसे जुड़ा किस्सा कुछ ऐसा था कि एक बार एक्टर ने बिना स्क्रिप्ट पढ़े ही फिल्म साइन कर ली थी क्योंकि उन्होंने पांच लाख एक साथ नहीं देखे थे।