रिलायंस इंडस्ट्रीज के संस्थापक धीरूभाई अंबानी (Dhirubhai Ambani) बिजनेस के साथ-साथ पारिवारिक मूल्यों को भी प्राथमिकता दिया करते थे और दोनों के बीच तालमेल बैठाकर चलते थे। बड़े बेटे मुकेश के लिए खुद उन्होंने नीता को पसंद किया। शादी के बाद सामान्य परिवार से ताल्लुक रखने वालीं नीता की अंबानी परिवार संग समन्वय और तालमेल बैठाने में मदद भी की। खुद नीता अंबानी ने वरिष्ठ पत्रकार करण थापर के चर्चित टॉक ‘शो फेस टू फेस’ में इससे जुड़ा किस्सा सुनाया था। इस शो में उनके साथ मुकेश अंबानी भी शामिल हुए थे।
हर दिन आधे घंटे किया करते थे सवाल: इस इंटरव्यू में नीता (Nita Ambani) ने बताया था कि किस तरह धीरूभाई अंबानी हर दिन अलग से आधे घंटे उनसे देश-दुनिया के तमाम मुद्दों पर सवाल पूछा करते थे। नीता कहती हैं कि पापा (धीरूभाई) एक कठिन टास्क मास्टर थे। उनके साथ मेरा हर दिन साढ़े सात बजे आधे घंटे का समय निर्धारित होता। जिसमें वे मुझसे शेयर मार्केट, पॉलिटिक्स, वर्ल्ड अफेयर्स और हमारी कंपनी रिलायंस से संबंधित तमाम तरह के कठिन सवाल पूछते थे। मैं ज्यादातर प्रश्नों का जवाब ही नहीं दे पाती थी।
नहीं दे पाती थीं सवालों के जवाब: नीता कहती हैं कि वो हर दिन पापा के क्विज के लिए सुबह से पढ़ाई करती थीं और उनको लगता था कि आज तो पापा के सारे प्रश्न का जवाब दे देंगी लेकिन जब धीरूभाई रात में प्रश्न पूछना शुरू करते थे तो नीता की दिन भर की पढ़ाई मिट्टी में मिल जाती थी। वो प्रश्न सुनकर आश्चर्यचकित रह जाती थीं और जवाब नहीं दे पाती थीं।
मुकेश अंबानी की भी लिया करती थीं मदद: इसी इंटरव्यू में मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani) ने खुलासा किया था कि वो किस तरह धीरूभाई के सवालों का जवाब देने के लिए उनकी मदद लिया करती थीं। मुकेश ने कहा कि नीता मुझसे हर दिन फोन कर पूछती थीं कि आज पापा क्या सवाल पूछ सकते हैं। मैं तमाम संभावित सवाल उन्हें (नीता को) बताता था। हालांकि मुकेश अंबानी की मदद के बावजूद भी नीता, धीरूभाई अंबानी के ज्यादातर सवालों का जवाब नहीं दे पाती थीं।
पहली नजर में ही धीरूभाई को पसंद आ गई थीं नीता: आपको बता दें कि नीता अंबानी (Nita Ambani) को कॉलेज के दिनों से ही क्लासिकल डांस का शौक था और वह हर साल नवरात्रि के मौके पर आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रस्तुति दिया करती थीं। एक बार इस कार्यक्रम में मुकेश (Mukesh Ambani) के पिता धीरूभाई अंबानी भी अपनी पत्नी के साथ पहुंचे थे। धीरूभाई को नीता का डांस बहुत अच्छा लगा और नीता भी उन्हें काफी पसंद आईं। उसी वक्त उन्होंने नीता को अपनी बहू बनाने का ठान लिया।
मजाक समझ काट दिया था धीरूभाई का फोन: धीरूभाई ने प्रोग्राम के ऑर्गेनाइजर से नीता के बारे में सारी जानकारी जुटाई और उनका नंबर आदि लिया। घर पहुंचते ही उन्होंने नीता को फोन मिला दिया। संयोगवश फोन नीता ने ही उठाया। उधर से आवाज आई- मैं धीरूभाई अंबानी बोल रहा हूं।
नीता को लगा कि कोई उनके साथ मजाक कर रहा है। प्रैंक कॉल समझ कर उन्होंने फोन काट दिया। दूसरी बार भी उन्होंने ऐसा ही किया। हालांकि तीसरी बार जब धीरूभाई अंबानी ने फोन किया तो फोन नीता के पिता ने उठाया। इस तरह दोनों परिवार के रिश्ते की शुरुआत हुई।