हिंदी सिनेमा की बेहद खूबसूरत अदाकारा रेखा की जिंदगी में कई उतार चढ़ाव आए। एक्ट्रेस रेखा जितना ऑन-सक्रीन पॉपुलर थीं, उतनी ही उनकी पर्सनल लाइफ से जुड़ी बातें भी आए दिन अखबारों की सुर्खियां बनती रहती थीं। रेखा से जुड़ा एक किस्सा है जिसमें कहा जाता है कि एक बार विनोद मेहरा की मां ने रेखा की बुरी तरह से पिटाई कर दी थी।
उस जमाने में लिंकअप की खबरें आम हुआ करती थीं। रेखा का नाम तमाम को-एक्टर्स से जुड़ा, उनमें से एक विनोद मेहरा भी थे। विनोद मेहरा ने रेखा के साथ ‘घर’ और ‘बिंदिया चमकेगी’ फिल्म में काम किया है।
उस वक्त खबर थी कि रेखा और विनोद मेहरा ने चोरी छिपे शादी कर ली थी। जब विनोद मेहरा रेखा को अपनी मां से मिलवाने उनके मुंबई वाले घर ले गए तब विनोद मेहरा की मां बहुत नाराज हो गई थीं। रेखा ने खुद एक इंटरव्यू में विनोद मेहरा की मां का जिक्र किया था, जिसमें उन्होंने इस बात को कबूला था कि विनोद मेहरा की मां उन्हें पसंद नहीं करतीं।
बॉलीवुड लाइफ की रिपोर्ट के मुताबिक, रेखा ने 1973 में एक इंटरव्यू दिया था। इसमें उन्होंने कहा था- ‘उनके लिए मैं सिर्फ एक एक्ट्रेस नहीं, बल्कि बदनाम एक्ट्रेस हूं, जिसका अतीत बहुत खराब है। मेरी रेप्युटेशन भी बहुत खराब है।’
रेखा ने आगे ये भी कहा था कि विनोद की मां सिर्फ विनोद की वजह से ही उन्हें झेल रही थीं। पर बाद में उनका गुस्सा रेखा पर फूट पड़ा था। उन्होंने कहा था- ‘विनोद के लिए ही वह मुझे झेल रही थीं, लेकिन अब वो मुझे नहीं झेलेंगी।’
बताते चलें, रिपोर्ट्स के मुताबिक विनोद की मां रेखा को देख कर इतना भड़क गई थीं कि उन्होंने सैंडल से रेखा को पीटा था। इस वाकया का जिक्र यासिर उस्मान द्वारा लिखी गई रेखा की बायोग्राफी ‘द अनटोल्ड स्टोरी’ में है।
बायोग्राफी में वाकया का जिक्र करते हुए लिखा गया है कि विनोद मेहरा और रेखा ने कोलकाता में शादी कर ली थी। शादी के बाद विनोद अपनी मां से रेखा को मिलवाने मुंबई ले आए। जब मां ने विनोद को रेखा के साथ देखा तो उन्होंने एक्ट्रेस को अपनी बहू मानने से इंकार कर दिया। रेखा जब विनोद मेहरा की मां के पैर छूने के लिए नीचे झुकीं तो उन्होंने रेखा को धक्का मारकर खुद से दूर कर दिया। उन्होंने रेखा को घर के अंदर तक नहीं आने दिया।