प्रियंका चोपड़ा अब भले ही विवादों से दूर रहती हैं, लेकिन सालों पहले उनका नाम भी खूब सुर्खियों में आया था। सालों पहले उनके घर पर इनकम टैक्स की रेड पड़ी थी और उनके घर पर शाहिद कपूर मौजूद थे। खबर थी कि जिस वक्त इनकम टैक्स डिपार्टमेंट उनके घर पहुंचा तो दरवाजा शाहिद कपूर ने खोला था। इस बात को लेकर ‘आप की अदालत’ में रजत शर्मा ने उनसे सवाल किए तो प्रियंका नाराज हो गईं और उन्होंने कहा कि ये बहुत ही घटिया बात है।

इनकम टैक्स की रेड की खबर को उन्होंने सच बताया था, लेकिन उनके घर पर शाहिद पहले से मौजूद थे और दरवाजा उन्होंने ही खोला था इस बात से प्रियंका ने इनकार किया। एक्ट्रेस ने कहा था, “मुझे यह बात बताने में कोई शर्म नहीं है कि रेड हुई थी। इनकम टैक्स डिपार्टमेंट बहुत रिस्पॉन्सिबल डिपार्टमेंट है। अगर ये खबर आई थी तो जाहिर है सच होगी।”

बिफर गईं प्रियंका

इस बात के बाद जब रजत शर्मा ने उनसे पूछा कि उनके घर का दरवाजा किसने खोला था? प्रियंका ने इस पर कहा, “सबके घर पर हमारे घर में जो हमारी हेल्प करता है वो ही दरवाजा खोलता है और मेरे घर पर मेरी मेड रंजीता है।” रजत शर्मा ने पूछा, “आपकी मेड की शक्ल शाहिद कपूर से मिलती है?” ये बात सुनकर प्रियंका असहज हुईं और फिर उन्होंने कहा, “न्यूजपेपर ने इसके बारे में लिखा था, जाहिर सी बात है वो इनकम टैक्स डिपार्टमेंट के साथ मेरे घर पर आए होंगे। उन्होंने देखा होगा किसने दरवाजा खोला है।”

प्रियंका की बात सुनकर वहां बैठी ऑडियंस हंसने लगी, ये देखते ही प्रियंका ने कहा,”हम लोग हंस रहे हैं मजाक कर रहे हैं इस बारे में, लेकिन वास्तव में ये बहुत घटिया बात है। ये आप किसी लड़की के बारे में बात कर रहे हैं, जो अपने पेरेंट्स के साथ घर पर रहती है। मैं भी किसी की बेटी हूं, किसी की बहन हूं और ये बात बिल्कुल गलत है कि आप इतनी घटिया खबर, वो भी जिस तरह से पेश की गई, आप लिख रहे हैं…। “

प्रियंका चोपड़ा ने आगे कहा, “जी हां! शाहिद मेरा पड़ोसी है वो तीन मिनट दूर रहता है। जैसे ही ये बात हुई घर पर,मेरी मम्मी घर पर नहीं थीं,मेरे नाना की बरसी थी एक साल की तो वो झारखंड गई थीं। मेरे डैड दूसरे घर पर थे, क्योंकि वो सुबह-सुबह काम पर जाते हैं। मुझे नहीं पता था किसे कॉल करना है, जिसको भी मैं फोन करती वो कम से कम 20-25 मिनट लगा देता। मैंने शाहिद को कॉल किया और बहुत शांति से इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने उसे वहां रुकने दिया। इस बात को न मैंने कभी मना किया न ही झुठलाया है।”

क्या है मामला?

प्रियंका चोपड़ा के घर जब इनकम टैक्स की रेड पड़ी थी, उस वक्त शाहिद कपूर के साथ उनका नाम जोड़ा जाता था। दोनों ने साल 2009 में आई फिल्म ‘कमीने’ में साथ काम किया था और 2011 में प्रियंका के घर आयकर विभाग का छापा पड़ा था। ऐसा कहा जाता है कि एक्ट्रेस के घर जब आयकर विभाग की टीम पहुंची थी तो दरवाजा शाहिद ने खोला था और वो तौलिए में थे।