‘प्रेम रोग’ जैसी सुपरहिट फिल्मों की हीरोइन पद्मिनी कोल्हापुरी को कौन नहीं जानता। एक नवंबर 1965 को मुंबई में जन्मीं पद्मिनी ने बतौर बाल कलाकार अपने करियर की शुरुआत की थी। एक्टिंग के साथ-साथ पद्मिनी अपनी खूबसूरती के लिए भी मशहूर रहीं और अपने समय में एक से बढ़कर एक हिट फिल्मों में काम किया है।

ऐसे तो अभिनेत्री के कई किस्से मशहूर हैं, लेकिन कोल्हापुरी के एक किस्से की चर्चा ब्रिटेन तक हुई थी। यह वाकया फिल्म ‘आहिस्ता-आहिस्ता’ की शूटिंग से जुड़ा है। इस फिल्म की मेन एक्ट्रेस पद्मिनी कोल्हापुरी थीं। शूटिंग के दौरान उन्हें पता चला कि सेट पर प्रिंस चार्ल्स आ रहे हैं तो वह बेहद खुश हो गईं थीं।

जब प्रिंस चार्ल्स को कर लिया था किस

हाल ही में इस घटना को याद करते हुए टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए इंटरव्यू में कोल्हापुरी ने बताया कि प्रिंस चार्ल्स मुंबई आ रहे थे और मुझे समझ नहीं आ रहा था कि उन्होंने ऐसा क्यों कहा कि वह शूट देखना चाहते हैं। हम राजकमल स्टूडियो में फिल्म की शूटिंग कर रहे थे। शशि कला जी ने उनकी आरती उतारी थी। मैंने उनका स्वागत किया और उन्हें गाल पर किस कर दिया, लेकिन उन दिनों यह बहुत बड़ी बात थी।

अफसर पूछने लगा था सवाल: पद्मिनी कोल्हापुरी ने बताया, ‘मुझे याद है एक बार मैं छुट्टी पर लंदन गई थी और ब्रिटिश इमिग्रेशन ऑफिसर ने मुझसे पूछ लिया कि आप वही महिला हैं, जिन्होंने प्रिंस चार्ल्स को किस किया था। तब मुझे बहुत शर्मिंदगी महसूस हुईं थी। बता दें कि ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का 96 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। अब उनके बेटे प्रिंस चार्ल्स राजा बन गए हैं।

राम तेरी गंगा मैली भी हुई थी ऑफर

फिल्मों की बात करें तो पद्मिनी ने बॉलीवुड में एक से बढ़कर एक सुपरहिट फिल्मों में काम किया है। उन्हें ‘राम तेरी गंगा मैली में भी मुख्य भूमिका निभाने का ऑफर मिला था लेकिन बोल्ड सीन होने के कारण उन्होंने इस फिल्म में काम करने से मना कर दिया था। बाद में वो रोल मंदाकिनी ने किया था। पद्मिनी अब फिल्मों से दूर ही रहती हैं लेकिन किसी ना किसी बात के कारण चर्चा में छाई रहती हैं। इसी साल उनके बेटे प्रियांक शर्मा और निर्माता करीम मोरानी की बेटी शजा मोरानी की शादी हुई है।