लारा दत्ता ने अपने करियर की शुरुआत मॉडलिंग से की थी। उन्होंने फैशन की दुनिया में जबरदस्त नाम कमाया और वो जल्द ही फेमिना मिस इंडिया भी बन गईं थीं। साल 2000 में लारा ने मिस यूनिवर्स का खिताब जीतकर भारत का नाम दुनिया में रोशन किया और वो ऐसा करने वाली दूसरी भारतीय महिला बनीं। इसी साल प्रियंका चोपड़ा ने मिस वर्ल्ड का खिताब अपने नाम किया था। लेकिन जिस तरीके से प्रियंका अपने फिल्मी करियर में आगे बढ़ीं, लारा दत्ता वैसा नहीं कर पाईं। इसी बात को लेकर जब एक बार लारा दत्ता से सवाल किया गया था तब वो बुरी तरह भड़क गईं थीं।

एक इवेंट के दौरान लारा से एक मीडियाकर्मी ने सवाल किया, ‘आपने और प्रियंका चोपड़ा ने एक ही साल में हमारे हिंदुस्तान का नाम रोशन किया था। आज हम देखते हैं कि प्रियंका चोपड़ा हॉलीवुड की बहुत बड़ी स्टार बन चुकी हैं। आपको भी मैट्रिक्स की तरफ़ से बड़ा ऑफर आया था, लेकिन आपने क्यों नहीं किया वो? क्या आपको इन सब चीजों का मलाल होता है?’

जवाब में लारा दत्ता ने गुस्से में कहा, ‘आपको चाहिए क्या? कि दो लड़की क्लोन बने। मतलब एक लेफ्ट की तरफ चले तो दूसरी भी चले? एक राइट की तरफ चले तो मैं भी चलूं? फिर आप लोग हम दोनों को..हमारे भारतीय होने पर आप गर्व क्यों नहीं कर सकते? अगर आप चाहते हैं कि हम दोनों एक ही रास्ते पर चले तो हम दोनों में क्या खास रह जाएगा?’

उन्होंने आगे कहा था, ‘हर लड़की के अपने खुद के ख्वाब होते हैं, अपनी खुद की प्राथमिकताएं होती हैं। अगर आप देखेंगे तो हम ज़िंदगी के अलग अलग फेज में हैं और खुश हैं। तो आप क्यों चाहते हो कि हम एक-दूसरे के जैसे बने?’

 

लारा दत्ता ने प्रियंका चोपड़ा के साथ ही बॉलीवुड इंडस्ट्री में कदम रखा था। अक्षय कुमार की फिल्म अंदाज़ में दोनों ने साथ काम किया था और फिल्म सफल भी रही थी। लारा के फिल्मों की बात करें तो, मस्ती, काल, नो एंट्री, भागम भाग, पार्टनर, हाउसफुल, डॉन 2 आदि उनकी कुछ सफल फ़िल्में रही हैं।

 

लारा दत्ता अपने फिटनेस को लेकर काफी सजग रहती हैं। एक बार उनका वजन काफ़ी बढ़ गया था लेकिन अपने वर्कआउट रूटीन से अपना 25 किलो वजन घटाया था।