बॉलीवुड अभिनेत्री अमीषा पटेल को सोशल मीडिया पर खूब एक्टिव देखा जाता है। अकसर वो सोशल मीडिया पर अपने फोटोज और वीडियोज शेयर करती नजर आती हैं। इसी के साथ अभिनेत्री अपने रिलेशनशिप को लेकर भी सुर्खियां बटोरती रहती हैं। कुछ दिनों पहले सोशल मीडिया पर अमीषा उनके कथित बॉयफ्रेंड द्वारा शादी के प्रस्ताव को लेकर भी खूब चर्चाओं में रही थीं। इस वाकये के बाद उन्होंने एक इंटरव्यू दिया था, जिसमें उन्होंने फैसल पटेल के साथ अपने किसी भी रिश्ते को इनकार किया था।
अमीषा पटेल हमेशा ही किसी न किसी वजह से खबरों में रहती हैं। अब तक उन्होंने शादी नहीं की है और वो खुद को आत्मनिर्भर महिला के रूप में दर्शाती हैं। वहीं अमीषा का फिल्म इंडस्ट्री के दौरान कई अभिनेताओं के साथ नाम जुड़ चुका है। लेकिन अब तक उन्हें हर रिश्ते से साफ इनकार करते देखा गया है।
वहीं कुछ दिनों पहले फैसल पटेल ने अपने ट्विटर हैंडल पर सार्वजनिक रूप से अमीषा पटेल को शादी के लिए प्रपोज किया था, जिसकी वजह से सभी को ये लगने लगा था कि दोनों वाकई में गंभीर रिश्ते में हैं। ये उस समय शुरू हुआ था, जब अमीषा ने 30 दिसंबर को फैसल के जन्मदिन पर उनको बधाई दी थी। उन्होंने फैसल को विश करते हुए लिखा था ‘हैप्पी बर्थडे माय डार्लिंग, लव यू… आपका साल शानदार रहे’। जिसके बाद फैसल ने उनके इस पोस्ट पर कमेंट करते हुए लिखा था ‘मैं औपचारिक तौर पर सार्वजनिक रूप से प्रस्ताव दे रहा हूं। मुझसे शादी करोगी?’।
इसके बाद अमीषा पटेल ने ‘बॉम्बे टाइम्स’ को एक इंटरव्यू दिया था, जिसमें उन्होंने फैसल के साथ उनके रिश्ते के बारे में बताया था। उन्होंने कहा था ‘ये खुश करने वाला है। फैसल और मैं एक-दूसरे को कई सालों से जानते हैं। मैं फैसल और उनकी बहन की दोस्त हूं। वो पोस्ट हमारे बीच का सिर्फ एक मजाक था। मैं अब भी सिंगल हूं और सिंगल रहकर ही ज्यादा खुश हूं। मुझे किसी भी रिश्ते में नहीं रहना है। फैसल हर वक्त मजाक करना पसंद करते हैं’।
फैसल ने इस प्रपोजल पोस्ट के वायरल होने के बाद उसे हटा दिया था। जिसे लेकर अमीषा ने कहा ‘मैंने फैसल से कहा था। ये कमेंट हटाने की जरुरत नहीं थी और मैंने अपने अंदाज में पोस्ट का जवाब दिया होता’। जिसपर उन्होंने कहा ‘उन्हें लोगों के फोन आने लगे थे। सेलेब्स के साथ अकसर ऐसा होता है। आप सार्वजनिक रूप से मजाक भी नहीं कर सकते हैं।
अमीषा पटेल के काम की बात करें तो वो जल्द ही फिल्म ‘गदर: एक प्रेम कथा’ के सीक्वल में नजर आने वाली हैं। इस फिल्म में उनके साथ अभिनेता सनी देओल भी होंगे।
