उत्तर प्रदेश के नोएडा की पॉश ग्रैंड ओमेक्स सोसायटी निवासी भाजपा नेता श्रीकांत त्यागी नाम का एक व्यक्ति महिला के साथ अभद्र व्यवहार, गालियां और अपमानजनक तरीके से बातचीत कर रहा है। यह मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। दावा किया जा रहा है कि श्रीकांत त्यागी भाजपा क नेता है। भाजपा नेता की अभद्रता का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। अब इस पर कॉमेडियन राजीव निगम ने प्रतिक्रिया दी है।
राजीव निगम ने किया ट्वीट
कॉमेडियन ने ट्वीट करते हुए लिखा कि कहीं स्मृति जी ने ये सब शब्द सुन लिए तो संसद हिला देंगी… खैर अमृतकाल चल रहा है। इसी के साथ ऑल्ट न्यूज के सह-संस्थापक मोहम्मद जुबैर ने भी एक वीडियो ट्वीट करते हुए लिखा कि वीडियो का लंबा संस्करण जिसमें भाजपा नेता श्रीकांत त्यागी एक महिला को गाली देते हुए दिखाई दे रहे हैं।
विनोद कपरी ने दिए श्रीकांत त्यागी के भाजपा नेता होने के सबूत
फिल्म मेकर विनोद कापरी ने वीडियो शेयर कर ट्वीट करते हुए लिखा कि भारतीय जनता पार्टी के इस बेहद बदतमीज़ नेता पर आपको तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए योगी आदित्यनाथ जी। इसी के साथ फिल्ममेकर ने एक और ट्वीट में श्रीकांत त्यागी की बीजेपी के बड़े नेताओं के साथ तस्वीर शेयर करते हुए लिखा कि क्या आप हमें यह सब बता सकते हैं सांसद राजकुमार चाहर।
दरअसल आरोपी श्रीकांत त्यागी भारतीय जनता पार्टी के नेता बताए जा रहे हैं। उनके ट्विटर हैंडल से मिली जानकारी के अनुसार वह बीजेपी के नैशनल एग्जीक्यूटिव मेंबर हैं। उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पोस्टर लगा है, जिसमें त्यागी के साथ पीएम नरेंद्र मोदी, सीएम योगी आदित्यनाथ और बीजेपी प्रमुख जेपी नड्डा की भी तस्वीर लगी है। इतना ही नहीं सोशल साइट्स पर बीजेपी के बड़े स्तर के नेताओं के साथ उसकी तस्वीरें भी हैं।
भाजपा ने पार्टी का सदस्य मानने से इनकार
वहीं दूसरी तरफ भाजपा ने श्रीकांत त्यागी को पार्टी का सदस्य मानने से इनकार कर दिया है। भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और फतेहपुर सीकरी से सांसद राजकुमार चाहर ने कहा कि श्रीकांत त्यागी नाम का व्यक्ति भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा का राष्ट्रीय कार्यसमिति का सदस्य नहीं है। किसान मोर्चा की कोई युवा समिति भी नहीं है। सरकार उसके विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई करे जिसने महिला से अभद्रता की है।
